Shravasti News : नेपाल की बारिश से श्रावस्ती में बाढ़ का खतरा! राप्ती नदी खतरे के निशान के करीब, हाई अलर्ट पर प्रशासन

Amrit Vichar Network
On

आपदा से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी किया गया सतर्क

नेपाल में भारी बारिश के चलते श्रावस्ती में राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ गया है। जमुनहा बैराज पर जलस्तर 127.10 सेंटीमीटर पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से सिर्फ 60 सेंटीमीटर नीचे है। प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर NDRF-SDRF समेत सभी राहत-बचाव टीमों को सतर्क कर दिया है।

श्रावस्ती, अमृत विचार: नेपाल में हो रही भारी बारिश के चलते जिले में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। राप्ती नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन ने जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। सभी बाढ़ चौकियों को 24 घंटे सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं।

वहीं, आपदा से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी सतर्क कर दिया गया है। जमुनहा के राप्ती बैराज पर नदी का जलस्तर 127.10 सेंटीमीटर है, जो खतरे के निशान 127.70 से मात्र 60 सेंटीमीटर कम है।

डीएम ने तटबंधों का किया निरीक्षण

ऐसे में नदी के बढ़ते जलस्तर व संभावित बाढ़ खतरे को देखते हुए डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर राप्ती नदी के तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग व बाढ़ खंड के अधिकारियों को तटबंधों की लगातार निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव के सभी इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

निचले इलाकों के गांवों पर खास नजर

प्रशासन ने राप्ती नदी के तटबंधों और निचले इलाकों में बसे गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीणों को नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचना देने की सलाह दी गई है।

24 घंटे सक्रिय रहेंगी बाढ़ चौकियां

डीएम ने कहा कि नेपाल में भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए जिले की सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है। तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। एनडीआरएफ-एसडीआरएफ समेत सभी संबंधित विभागों को पूरी तैयारी के साथ तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं।

Nepal Flood : जलप्रलय से 162 की मौत; बढ़ सकता है आंकड़ा; क्या चीन रोक सकता था ये तबाही; जानें क्या बोले पूर्व नेपाली NDRRMA प्रमुख

 

संबंधित समाचार