Shravasti News : गर्भवती महिला पहुंची DM के दरबार, बोली- पति की मौत के बाद देवर ने पत्नी बनाकर रखा; फिर दूसरे के हाथ सौंपा
श्रावस्ती में आठ माह की गर्भवती महिला ने डीएम से शिकायत कर शादीशुदा देवर पर उसे पत्नी बनाकर रखने और बाद में दूसरे व्यक्ति के हाथ सौंपने का आरोप लगाया है। महिला ने ससुरालीजनों पर मारपीट और प्रताड़ना का भी आरोप लगाया है।
श्रावस्ती, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में आठ माह की गर्भवती महिला ने अपने देवर और ससुरालीजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए डीएम से न्याय की गुहार लगाई है। गुरुवार को महिला डीएम कार्यालय पहुंची और डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पति की मौत के बाद देवर पर साथ रखने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि उसके पति की मौत के बाद उसके शादीशुदा देवर ने उसे पत्नी बनाकर करीब आठ माह तक अपने साथ रखा। महिला का दावा है कि इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। इसके बाद परिस्थितियां बदल गईं और उसे कथित तौर पर घर से दूर ले जाया गया।
बाराबंकी ले जाकर दूसरे व्यक्ति को सौंपने का आरोप
महिला के मुताबिक, उसके देवर की पत्नी उसे बाराबंकी ले गई। आरोप है कि वहां उसे किसी अन्य व्यक्ति के हाथ सौंप दिया गया। महिला ने बताया कि वह किसी तरह वहां से भागकर अपने घर पहुंची। पीड़िता का आरोप है कि घर लौटने के बाद देवर, उसकी पत्नी और सास ने उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की। महिला ने मामले की शिकायत गिलौला थाने में करने की बात कही, लेकिन आरोप है कि वहां उसकी सुनवाई नहीं हुई।
डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग
पुलिस स्तर पर सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए आठ माह की गर्भवती महिला न्याय की गुहार लेकर डीएम कार्यालय पहुंची। उसने डीएम अन्नपूर्णा गर्ग को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ेंः ‘जो हिम्मत करती है, वही नेतृत्व करती है’, NSG ने शुरू किया पहला महिला कमांडो कोर्स
