Bahraich News: आधी रात पुलिस का बड़ा एक्शन! चैन स्नैचर से मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

चैन स्नैचिंग की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा किया। मुठभेड़ के दौरान शातिर बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने चैन स्नैचिंग की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटी गई चैन समेत अन्य सामान बरामद किए जाने की बात कही है।

बहराइच, अमृत विचार। मटेरा थाना क्षेत्र में महिला से मंगलसूत्र झपटने की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। बुधवार देर रात क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम और थाना मटेरा पुलिस की संयुक्त टीम की शातिर अपराधियों से मुठभेड़ हो गई। 

जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर बाइक से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार कांबिंग कर रही है।

क्या था पूरा मामला 

पुलिस के अनुसार, एक सितंबर को गंगोत्री पत्नी सुरेंद्र निवासी सुआगाड़ा, थाना कोतवाली लखीमपुर, अपने फूफा के घर जंगलीनाथ, नानपारा से वापस लौट रही थीं। गुलालपुरवा टोल प्लाजा से पहले बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। तहरीर के आधार पर मटेरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने तीन टीमों का गठन किया था। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद पुलिस टीमें लगातार उनकी तलाश में जुटी थीं।

स्वॉट टीम और मटेरा पुलिस संयुक्त अभियान 

बुधवार देर रात करीब एक बजे मुखबिर की सूचना पर स्वॉट टीम और मटेरा पुलिस ने बिलवा नहर मोड़ के पास संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने जानलेवा हमला करने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे दबोच लिया, जबकि उसका साथी असलम बाइक लेकर नानपारा की ओर भाग निकला।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब निवासी अगपुरब शेख दाहिर, थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, चोरी की होंडा साइन मोटरसाइकिल (यूपी32जीडब्ल्यू4289) और पीली धातु का मंगलसूत्र बरामद हुआ। 

घायल आरोपी को उपचार के लिए सीएचसी रिसिया भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह कई मामलों में वांछित था। फरार आरोपी असलम की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

संबंधित समाचार