‘अब जब मन होगा अयोध्या-काशी जाएंगे’, भावुक बुजुर्ग महिलाएं बोलीं- CM ने दिया बड़ा उपहार

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

-सीएम योगी से संवाद में बोलीं छात्राएं, रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने में मिलेगी सहूलियत

लखनऊ, अमृत विचार। अब यात्रा के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। जब मन होगा अयोध्या, काशी या कहीं और चले जाएंगे। यह बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संवाद के दौरान बुजुर्ग महिलाओं ने कही। उनके चेहरे पर यह खुशी साफ नजर आई। रक्षाबंधन पर मुफ्त बस यात्रा की सौगात मिलने से महिलाएं भावुक भी हुईं और उत्साहित भी।

मुख्यमंत्री को सामने देखते ही महिलाओं ने ‘हर-हर महादेव’ का उद्घोष कर उनका अभिनंदन किया। योगी से संवाद में छात्राओं ने कहा कि रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने में बड़ी सहूलियत मिलेगी।

बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ के शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचीं महिलाओं ने मुख्यमंत्री से अपने अनुभव साझा किए। गोसाईंगंज की गणेश देवी व राजरानी ने कहा कि अब वह निश्चिंत होकर यात्रा कर सकेंगी। निजामपुर की मिठाना देवी ने कहा कि सफर के लिए किसी दूसरे पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

सीतापुर की रीता सक्सेना ने कहा कि अब लखनऊ आना-जाना आसान हो जाएगा। इच्छा होने पर मंदिर, अयोध्या और बनारस भी जा सकेंगी। उन्नाव की सुनीता अवस्थी ने भावुक होकर कहा कि परिवार से पैसा न मिले, तब भी महिलाएं मुफ्त में यात्रा कर सकेंगी।

लखनऊ की उषा पाल ने मुख्यमंत्री से कहा कि अब महिलाओं को कहीं आने-जाने के लिए किसी का मोहताज नहीं रहना पड़ेगा। गाजीपुर की लायका खातून ने भी मुख्यमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी सरकार चुनी जाती है तो सभी को सुविधाओं का लाभ मिलता है।

रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने जाएंगी छात्राएं

मुफ्त यात्रा को लेकर छात्राओं में भी खासा उत्साह रहा। मुंशी पुलिया की बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा अंजली श्रीवास्तव ने कहा कि वह रक्षाबंधन पर अपने भाई को राखी बांधने जाएंगी और इस सुविधा का लाभ लेंगी। जानकीपुरम की आस्था राजपूत अपनी मां के साथ राखी बांधने जाने की तैयारी में हैं। उन्होंने कहा कि दोनों मुफ्त यात्रा का लाभ उठा सकेंगी। खदरा की शगुन निषाद व अहमामऊ की रचना रावत ने कहा कि पहली बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर उन्हें अच्छा लगा।

सीएम ने विशेष बसों को दिखाई झंडी, महिलाओं के साथ ली सेल्फी

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बारिश के बीच झंडी दिखाकर विशेष बसों को रवाना किया। बसों में बैठी महिलाओं ने इस उपहार के लिए हाथ जोड़कर सीएम का अभिनंदन किया तो सीएम योगी ने भी हाथ हिलाकर उनके प्रति आभार जताया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बस में यात्रा करने वाली महिलाओं के साथ सेल्फी भी ली।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं को दिए स्मार्ट कार्ड, बैग, साड़ी व मिठाई

मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन से पहले आयोजित कार्यक्रम में मंच पर ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के तहत 60 वर्ष या इससे अधिक आयु की महिलाओं को स्मार्ट कार्ड प्रदान किए। सीएम ने उपहार स्वरूप इन महिलाओं को बैग, साड़ी व मिठाई भी दी।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं से संवाद कर उनका हालचाल जाना, सभी को रक्षाबंधन की बधाई भी दी। सीएम के हाथों उपहार पाने वाली महिलाओं में राजरानी, गणेश देवी, कलावती, मिठाना, प्रभुदेई, शम्मी, शांति देवी, मंजूलता, शिवकली, द्रौपदी व मीरा आदि शामिल रहीं।

ये भी पढ़ें : 
अब सब्जियों का Exporter बनेगा यूपी, लंदन और मलेशिया से मिला बड़ा आर्डर 

संबंधित समाचार