नोएडा से लखनऊ तक टेक्सटाइल पर महामंथन, UP TEX-2026 में जुटेंगे ग्लोबल निवेशक और उद्योग जगत

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

8-9 सितंबर को लखनऊ में होगा मुख्य सम्मेलन, CM योगी करेंगे उद्घाटन; रोड शो में निवेशकों के सामने रखी जाएंगी टेक्सटाइल सेक्टर की संभावनाएं

नोएडा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश को वैश्विक वस्त्र केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग की ओर से आयोजित होने वाले ‘यू.पी. टैक्स-2026’ सम्मेलन से पहले गुरुवार को नोएडा में कर्टेन रेजर और रोड शो आयोजित किया जाएगा। इसके जरिए प्रदेश में वस्त्र उद्योग की संभावनाओं, निवेश के अवसरों और सरकार की नीतियों से उद्योग जगत को रूबरू कराया जाएगा।

परिक्षेत्रीय सहायक आयुक्त (हथकरघा), हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, पश्चिम क्षेत्र मेरठ/सहारनपुर मंडल अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि ‘यू.पी. टैक्स-2026’ का मुख्य सम्मेलन 8 और 9 सितंबर को लखनऊ स्थित जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगा। सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

नोएडा में आज सुबह 11 बजे रोड शो

मुख्य सम्मेलन से पहले होने वाला कर्टेन रेजर एवं रोड शो 3 सितंबर को पूर्वाह्न 11 बजे नोएडा में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का नेतृत्व उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान करेंगे।

रोड शो के माध्यम से वस्त्र एवं परिधान उद्योग से जुड़े उद्यमियों, निवेशकों और अन्य हितधारकों को सम्मेलन के उद्देश्यों और उसकी रूपरेखा की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उत्तर प्रदेश में टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश और उद्योग के विस्तार की संभावनाओं को भी प्रमुखता से सामने रखा जाएगा।

वैश्विक निवेशकों को एक मंच पर लाने की तैयारी

‘यू.पी. टैक्स-2026’ को प्रदेश के वस्त्र उद्योग के लिए महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है। सम्मेलन में नीति निर्माता, वैश्विक निवेशक, वस्त्र निर्माता, निर्यातक और टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े नवप्रवर्तक एक मंच पर जुटेंगे।

इस दौरान प्रदेश में टेक्सटाइल क्षेत्र के विस्तार, निवेश आकर्षित करने और निर्यात क्षमता बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। वैश्विक निवेश, उत्पादन, निर्यात, नवाचार और उद्योग के लिए अनुकूल कारोबारी माहौल जैसे विषय सम्मेलन के केंद्र में रहने की उम्मीद है।

हथकरघा विरासत को आधुनिक टेक्सटाइल उद्योग से जोड़ने पर जोर

राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश की पारंपरिक हथकरघा और हस्तशिल्प विरासत को आधुनिक टेक्सटाइल उद्योग के साथ जोड़ना है। इसके जरिए प्रदेश को वैश्विक स्तर पर मजबूत वस्त्र विनिर्माण और निर्यात केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।

सरकार और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया जा रहा है, ताकि निवेश की संभावनाओं को जमीन पर उतारा जा सके।

निवेश से रोजगार तक नए अवसरों की उम्मीद

दो दिवसीय मुख्य सम्मेलन में टेक्सटाइल उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श होगा। सरकार को उम्मीद है कि इस पहल के जरिए प्रदेश में निवेश, उत्पादन, निर्यात और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

नोएडा में आयोजित होने वाला कर्टेन रेजर और रोड शो इसी व्यापक आयोजन की दिशा में महत्वपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है। इसके जरिए प्रदेश के टेक्सटाइल सेक्टर की क्षमता और सरकार की औद्योगिक प्राथमिकताओं को निवेशकों और उद्योग जगत तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

‘यू.पी. टैक्स-2026’ के माध्यम से उत्तर प्रदेश को देश के साथ-साथ वैश्विक वस्त्र उद्योग के मानचित्र पर मजबूत स्थान दिलाने की दिशा में एक नई पहल की जा रही है।

यह भी पढ़ेंः 7.8% की रफ्तार से दौड़ी भारतीय अर्थव्यवस्था, PM मोदी बोले- संकट में भी भारत ने दिखाई ताकत

संबंधित समाचार