India vs Thailand: विमेंस टी20 एशिया कप में भारत का बड़ा रिकॉर्ड, पावरप्ले में पहली बार रचा ये इतिहास
थाईलैंड के खिलाफ भारत ने शुरुआती छह ओवर में 65 रन ठोके, विमेंस टी20 एशिया कप में पावरप्ले के दौरान 60+ रन बनाने वाली पहली टीम बनी; स्मृति मंधाना ने भी हासिल की बड़ी उपलब्धि
दुबई: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने विमेंस टी20 एशिया कप 2026 में थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले में धमाकेदार शुरुआत करते हुए नया इतिहास रच दिया। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में रविवार को खेले जा रहे मैच में भारत ने पावरप्ले के छह ओवर में एक विकेट गंवाकर 65 रन बनाए। इसके साथ ही भारत विमेंस टी20 एशिया कप के इतिहास में शुरुआती छह ओवर में 60 या उससे ज्यादा रन बनाने वाली पहली टीम बन गई।
भारत ने अपने ही पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। टीम इंडिया ने 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 59 रन बनाए थे। अब थाईलैंड के खिलाफ 65 रन बनाकर भारतीय टीम ने अपना पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी बेहतर कर लिया है।
पावरप्ले के सबसे बड़े स्कोर में भारत का दबदबा
विमेंस टी20 एशिया कप में पावरप्ले के दौरान सर्वाधिक स्कोर के मामले में भारत का दबदबा साफ नजर आता है। थाईलैंड के खिलाफ 65/1 के बाद भारत का 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ बनाया गया 59 रन का स्कोर दूसरे स्थान पर है।
श्रीलंका ने 2026 में यूएई के खिलाफ शुरुआती छह ओवर में 58/1 रन बनाए थे और इस सूची में तीसरे स्थान पर है। भारत चौथे और पांचवें स्थान पर भी मौजूद है। भारतीय टीम ने 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ बिना विकेट गंवाए 57 रन बनाए थे। इसी साल यूएई के विरुद्ध भारत ने छह ओवर तक तीन विकेट खोकर 56 रन बनाए थे।
स्मृति मंधाना ने भी हासिल किया बड़ा मुकाम
थाईलैंड के खिलाफ मुकाबले में स्मृति मंधाना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में रनों के मामले में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। उन्होंने न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स को पीछे छोड़ते हुए विमेंस इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली खिलाड़ियों की सूची में दूसरा स्थान हासिल कर लिया।
मंधाना के नाम अब 10,756 अंतरराष्ट्रीय रन हैं। उनसे आगे सिर्फ भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज हैं, जिन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 10,868 रन बनाए। सूजी बेट्स 10,740 रन के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
थाईलैंड ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी
विमेंस एशिया कप 2026 के तीसरे मैच में थाईलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत की ओर से प्रतिका रावल टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कर रही हैं।
वहीं, थाईलैंड की नियमित कप्तान नारुमोल चाईवाई चोट के कारण इस मुकाबले का हिस्सा नहीं हैं। उनकी गैरमौजूदगी में थिपचा पुथावोंग टीम की कप्तानी कर रही हैं।
भारत की प्लेइंग इलेवन
शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, एन श्री चरणी, क्रांति गौड़ और नंदिनी शर्मा।
थाईलैंड की प्लेइंग इलेवन
नत्थाकन चंथम, नन्नापत कोंचरोएनकाई (विकेटकीपर), चानिदा सुथिरुआंग, सुलेपोर्न लाओमी, ओन्निचा कामचोमफू, थिपचा पुथावोंग (कप्तान), फन्निता माया, एफिसारा सुवानचोनराथी, सुनीदा चतुरोंग्रट्टाना, नन्नाफट चाइहान और नाओमी हैमिल्टन।
यह भी पढ़ेंः जकार्ता में चमके पुखराज गिल, एशियन टूर कार्ड से बस एक कदम दूर; टॉप-10 में बनाई जगह
