51 रन पर 4 विकेट... फिर अजीत वर्मा ने पलटा मैच, गोरखपुर को हराकर प्लेऑफ में पहुंचा लखनऊ
गोरखपुर लायंस को 24 रन से हराकर लखनऊ फाल्कन्स बनी UP T20 2026 प्लेऑफ में पहुंचने वाली दूसरी टीम; भुवनेश्वर कुमार ने अजीत वर्मा और कृतज्ञ सिंह की साझेदारी को सराहा
कानपुर, अमृत विचार: यूपी टी20 लीग 2026 में लखनऊ फाल्कन्स ने शानदार वापसी करते हुए प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के 26वें मुकाबले में लखनऊ ने गोरखपुर लायंस को 24 रन से मात दी।
इस जीत के साथ लखनऊ फाल्कन्स ने नौ मैचों में अपनी पांचवीं जीत दर्ज की और मेरठ मावेरिक्स के बाद प्लेऑफ में पहुंचने वाली दूसरी टीम बन गई।
जीत के बाद लखनऊ के कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने इसे टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि क्वालीफाई करने के लिहाज से यह जीत काफी अहम थी और टीम ने अपना पहला लक्ष्य हासिल कर लिया है।
51/4 के बाद अजीत-कृतज्ञ ने संभाली पारी
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ फाल्कन्स की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। गोरखपुर के कप्तान शिवम शर्मा की कसी हुई गेंदबाजी के सामने लखनऊ ने महज 51 रन पर चार शीर्ष विकेट गंवा दिए। शिवम शर्मा ने 2/12 के आंकड़े दर्ज किए।
मुश्किल स्थिति में अजीत वर्मा और कृतज्ञ सिंह ने मोर्चा संभाला। दोनों ने केवल 64 गेंदों में 109 रन की नाबाद साझेदारी कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
अजीत वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाए। उनकी पारी में आठ चौके और तीन छक्के शामिल रहे। वहीं कृतज्ञ सिंह ने 31 गेंदों में 44 रन का योगदान दिया। इस साझेदारी की बदौलत लखनऊ ने 20 ओवर में 170/5 का मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया।
भुवनेश्वर बोले- शुरुआत के बाद 130-140 भी फाइटिंग टोटल लगता था
कप्तान भुवनेश्वर कुमार ने टीम की शुरुआती मुश्किलों को याद करते हुए कहा कि जिस तरह की शुरुआत की उम्मीद थी, वैसी नहीं मिली थी। उनके मुताबिक, 10 ओवर के ब्रेक के दौरान टीम का लक्ष्य 15वें ओवर तक लगभग 100 रन तक पहुंचना और आखिरी पांच ओवर में 40 से 50 रन जोड़ना था।
उन्होंने कहा कि उस समय ड्रेसिंग रूम में 130 से 140 रन का स्कोर भी फाइटिंग टोटल माना जा रहा था।
.png)
‘अजीत ने बहुत बड़ा प्रभाव डाला’
भुवनेश्वर कुमार ने अजीत वर्मा और कृतज्ञ सिंह की साझेदारी की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि दोनों युवा बल्लेबाजों ने जिस परिपक्वता का प्रदर्शन किया, वह शानदार था।
कप्तान के मुताबिक, टूर्नामेंट में टीम को अब तक ऐसी साझेदारी की कमी महसूस हो रही थी। उन्होंने कहा कि दोनों की बल्लेबाजी उम्मीद से बेहतर रही और अजीत वर्मा ने बहुत बड़ा प्रभाव डाला। उनके प्रदर्शन की वजह से टीम को उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल करना पड़ा।
भुवनेश्वर ने कहा कि जब कोई युवा खिलाड़ी इस तरह का प्रदर्शन करता है तो उसका फायदा पूरी टीम को मिलता है।
171 रन के लक्ष्य के सामने गोरखपुर की शुरुआत खराब
लखनऊ से मिले 171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर लायंस की शुरुआत भी लड़खड़ा गई। लखनऊ के तेज गेंदबाज अभिनंदन सिंह ने शुरुआती बल्लेबाजों को जल्दी पवेलियन भेजकर टीम को दबाव में ला दिया।
इसके बाद अक्शू बाजवा ने दो विकेट और विप्रज निगम ने एक विकेट लेकर गोरखपुर के मध्यक्रम को झकझोर दिया। 10.3 ओवर तक गोरखपुर का स्कोर 70/5 हो चुका था।
प्रिंस और पार्थ ने जगाई उम्मीद, फिर अभिनंदन ने पलटा मैच
मुश्किल स्थिति में प्रिंस यादव और पार्थ पालावत ने गोरखपुर की पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने 40 गेंदों में 56 रन की साझेदारी की। प्रिंस यादव ने 36 गेंदों में 49 रन बनाए।
गोरखपुर को आखिरी तीन ओवर में जीत के लिए 45 रन चाहिए थे। ऐसे समय में भुवनेश्वर कुमार ने 18वां ओवर अभिनंदन सिंह को दिया। अभिनंदन ने पहली ही गेंद पर खतरनाक दिख रहे प्रिंस यादव को आउट कर दिया। इसके बाद पार्थ पालावत रन आउट हो गए।
अभिनंदन ने अपने चार ओवर में 3/32 के शानदार आंकड़े के साथ गेंदबाजी पूरी की।
भुवी और विप्रज ने किया गोरखपुर का काम तमाम
19वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने गोरखपुर के कप्तान शिवम शर्मा को आउट कर दिया। इसके बाद 20वें ओवर में विप्रज निगम ने बचे हुए दो विकेट लेकर गोरखपुर की पारी समेट दी।
विप्रज ने 3/17 का शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन किया और गोरखपुर लायंस की टीम 146 रन पर ऑलआउट हो गई।
मैच के बाद भुवनेश्वर कुमार ने कहा कि बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी टीम ने जिस तरह का प्रदर्शन किया, वह लखनऊ फाल्कन्स की ऑलराउंड और पूरी तरह संतुलित जीत थी।
यह भी पढ़ेंः India vs Thailand: विमेंस टी20 एशिया कप में भारत का बड़ा रिकॉर्ड, पावरप्ले में पहली बार रचा ये इतिहास
