Sitapur News: ऋषभ की YouTube हिस्ट्री ने खोले मौत के राज? फॉरेंसिक जांच में सामने आई ये बात
सीतापुर के उरदौली गांव की घटना से मचा हड़कंप, कक्षा 10 के 15 वर्षीय छात्र की मौत की जांच जारी; फॉरेंसिक टीम ने मोबाइल समेत कई साक्ष्य कब्जे में लिए
सीतापुर: महोली कोतवाली क्षेत्र के उरदौली गांव में कक्षा 10 के एक 15 वर्षीय छात्र की मौत का मामला सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। छात्र बचपन से अपने नाना-नानी के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मोबाइल फोन समेत अन्य साक्ष्य अपने कब्जे में लिए हैं।
महोली क्षेत्र के खमरिया गांव निवासी रामसनेही का 15 वर्षीय बेटा ऋषभ लंबे समय से अपने नाना तौलेराम वर्मा के घर उरदौली में रह रहा था। वह वहीं रहकर कक्षा 10 की पढ़ाई करता था। बताया गया कि घटना से पहले वह महोली से वापस घर लौटा था। इसके बाद उसका शव नाना के घर के एक कमरे में मिला।
घटना के समय कमरे में अकेला था छात्र
महोली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जेबी पाण्डेय के अनुसार, पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। छात्र के मोबाइल फोन को भी जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
परिजनों से पूछताछ में पुलिस को पता चला कि घटना के समय ऋषभ कमरे में अकेला था। उसके नाना-नानी उस दौरान घर के बाहर जानवरों को चारा दे रहे थे।
मोबाइल हिस्ट्री में मिली संदिग्ध सर्च
पुलिस जांच में छात्र के मोबाइल की इंटरनेट हिस्ट्री भी सामने आई है। इसमें आत्महत्या से संबंधित सर्च किए जाने की जानकारी मिली है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल से ये सर्च किसने और किस परिस्थिति में की थीं।
इस संबंध में पुलिस ने परिवार के दोनों पक्षों से पूछताछ की है। मोबाइल और अन्य फॉरेंसिक साक्ष्यों की जांच के बाद ही घटना की परिस्थितियों को लेकर तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
नाना के दूध कारोबार में भी हाथ बंटाता था ऋषभ
बताया गया कि स्कूल से लौटने के बाद ऋषभ अपने नाना तौलेराम के दूध के कारोबार में भी उनकी मदद करता था। परिवार में तौलेराम का बेटा शीलवान भी रहता था। बताया जा रहा है कि ऋषभ और शीलवान के बीच संबंध बहुत अच्छे नहीं होने की चर्चा थी।
पुलिस अब छात्र की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मोबाइल हिस्ट्री, फॉरेंसिक साक्ष्यों और परिजनों से हुई पूछताछ के आधार पर घटना की वास्तविक वजह सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।
यह भी पढ़ेंः अंकित बालियान हत्याकांड में बड़ा एनकाउंटर, शामली में UP-STF ने दो शूटर्स किए ढेर
