Share Market Today: शेयर बाजार में फिर बढ़ी टेंशन! सेंसेक्स-निफ्टी की कमजोर शुरुआत, कच्चे तेल की तेजी ने बढ़ाई चिंता

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ब्रेंट क्रूड 2.33% चढ़कर 90.19 डॉलर प्रति बैरल पहुंचा; विदेशी निवेशकों की बिकवाली और कमजोर वैश्विक संकेतों का घरेलू बाजार पर दबाव

मुंबईः पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के बीच कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी का असर सोमवार को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत पर दिखाई दिया। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों गिरावट के साथ खुले। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और विदेशी पूंजी की लगातार निकासी ने भी निवेशकों के रुख को प्रभावित किया।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 226.60 अंक टूटकर 77,028.56 अंक पर पहुंच गया। वहीं एनएसई निफ्टी 120.40 अंक की गिरावट के साथ 24,053.55 अंक पर कारोबार करता नजर आया।

इन शेयरों पर सबसे ज्यादा दबाव

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में शुरुआती कारोबार के दौरान इन्फोसिस, टाटा स्टील, इंटरग्लोब एविएशन, बजाज फाइनेंस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और टाइटन के शेयरों में सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गई।

हालांकि कुछ बड़े शेयरों ने बाजार को संभालने की कोशिश की। एचडीएफसी बैंक के शेयर में दो प्रतिशत से ज्यादा की तेजी रही। इसके अलावा कोटक महिंद्रा बैंक और भारती एयरटेल के शेयर भी बढ़त में कारोबार करते दिखे।

एशियाई बाजारों में भी कमजोरी

घरेलू बाजार के साथ सोमवार को एशियाई शेयर बाजारों में भी दबाव देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट में कारोबार कर रहे थे।

इससे पहले शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए थे। वैश्विक बाजारों के इन संकेतों का असर भारतीय निवेशकों के सेंटीमेंट पर भी पड़ा।

कच्चे तेल की कीमत 90 डॉलर के पार

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव ने कच्चे तेल की कीमतों को एक बार फिर ऊपर धकेला है। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 2.33 प्रतिशत बढ़कर 90.19 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

कच्चे तेल में तेजी भारत जैसे बड़े आयातक देश के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है, क्योंकि इससे आयात लागत और महंगाई से जुड़े जोखिम बढ़ सकते हैं। यही वजह है कि तेल की कीमतों में अचानक तेजी का असर शेयर बाजार की धारणा पर भी पड़ता है।

एफआईआई की बिकवाली से भी बाजार पर दबाव

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में 5,039.80 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। विदेशी पूंजी की निकासी ने भी घरेलू बाजार पर दबाव बढ़ाया।

हालांकि इससे पहले शुक्रवार को सेंसेक्स 330.92 अंक और निफ्टी 84.80 अंक की बढ़त के साथ बंद हुए थे। सोमवार की शुरुआती गिरावट ने बाजार में एक बार फिर वैश्विक घटनाक्रम, कच्चे तेल और विदेशी निवेशकों की गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ा दी।

यह भी पढ़ेंः 8वें वेतन आयोग में कितनी बढ़ेगी सैलरी? 18 हजार बेसिक पर जानें फिटमेंट फैक्टर का पूरा हिसाब

संबंधित समाचार