जकार्ता में चमके पुखराज गिल, एशियन टूर कार्ड से बस एक कदम दूर; टॉप-10 में बनाई जगह
सिपुत्रा गोल्फप्रेन्योर टूर्नामेंट में संयुक्त 19वें स्थान पर रहे गिल, एडीटी ऑर्डर ऑफ मेरिट में पहुंचे नौवें पायदान पर
जकार्ताः भारतीय गोल्फर पुखराज सिंह गिल ने एशियन डेवलपमेंट टूर (एडीटी) के सिपुत्रा गोल्फप्रेन्योर टूर्नामेंट में संयुक्त 19वें स्थान पर रहे। उन्होंने अगले साल के एशियन टूर कार्ड की ओर बड़ा कदम बढ़ाया है। टूर्नामेंट के बाद गिल एडीटी ऑर्डर ऑफ मेरिट में नौवें स्थान पर पहुंच गए।
अब सत्र में केवल एक ही टूर्नामेंट बाकी है और ऑर्डर ऑफ मेरिट में टॉप 10 स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को 2027 एशियन टूर के कार्ड मिलेंगे। ऐसे में गिल के पास अपना स्थान टॉप 10 में बनाए रखने और एशियाई गोल्फ के सबसे बड़े मंच पर पहुंचने का शानदार मौका है।
चौथे दौर में खेली 69 की शानदार पारी
गिल ने रविवार को टूर्नामेंट के चौथे और अंतिम दौर में 69 का स्कोर किया। उन्होंने चारों राउंड में 70, 66, 68 और 69 का कार्ड खेलते हुए कुल 15 अंडर पार के स्कोर के साथ प्रतियोगिता समाप्त की।
आईजीपीएल टूर के ऑर्डर ऑफ मेरिट विजेता गिल के लिए यह प्रदर्शन इसलिए भी अहम है क्योंकि अब उनका पूरा ध्यान एडीटी की समग्र तालिका में अपनी शीर्ष-10 स्थिति बचाने पर होगा।
पिछले साल करनदीप कोचर ने हासिल किया था कार्ड
गिल के लिए इस रास्ते से एशियन टूर तक पहुंचने की मिसाल भारत के ही गोल्फर करनदीप कोचर हैं। पिछले साल आईजीपीएल के एक अन्य खिलाड़ी कोचर ने इसी प्रक्रिया के जरिए एशियन टूर कार्ड हासिल किया था और वह फिलहाल एशियन टूर पर खेल रहे हैं।
ऐसे में गिल के प्रदर्शन ने भारतीय गोल्फ प्रशंसकों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
खलीन जोशी संयुक्त 10वें स्थान पर
टूर्नामेंट में भारत के खलीन जोशी ने गिल से बेहतर प्रदर्शन करते हुए संयुक्त 10वां स्थान हासिल किया। उन्होंने चारों राउंड में 66, 68, 69 और 67 का स्कोर किया।
वहीं अमन राज 67, 69, 70 और 73 के स्कोर के साथ संयुक्त 37वें स्थान पर रहे। कार्तिक सिंह ने 72, 70, 66 और 69 के स्कोर के साथ संयुक्त 32वां स्थान हासिल किया।
एन. अर्जुन प्रसाद और सार्थक चिब्बर कट में जगह बनाने में सफल नहीं रहे।
अब आखिरी टूर्नामेंट पर नजर
गिल के लिए अब सत्र का अंतिम टूर्नामेंट बेहद महत्वपूर्ण होगा। एडीटी ऑर्डर ऑफ मेरिट में फिलहाल नौवें स्थान पर मौजूद भारतीय गोल्फर के सामने अपनी स्थिति बनाए रखने की चुनौती है।
यदि वह शीर्ष 10 में बने रहते हैं तो उन्हें 2027 एशियन टूर कार्ड मिल जाएगा। ऐसे में जकार्ता में संयुक्त 19वें स्थान का प्रदर्शन उनके एशियन टूर के सपने को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हो सकता है।
यह भी पढ़ेंः भारत-पाक मैच में हाथ मिलाएंगी या नहीं? कोच मजूमदार ने दिया ऐसा जवाब की बढ़ा सस्पेंस
