Sitapur News: पिरई नदी में डूबे 19 वर्षीय छात्र का मिला शव, दोस्तों के साथ गया था नहाने

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

शनिवार को गहरे पानी में डूब गया था रवि राठौर, NDRF और गोताखोरों ने चलाया था रेस्क्यू ऑपरेशन; रविवार को मिला शव

इमलिया सुल्तानपुर/सीतापुर, अमृत विचार: इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के पिपरी खुर्द गांव निवासी 19 वर्षीय छात्र रवि राठौर पुत्र विजय शंकर का शव रविवार को पिरई नदी में किनारे सिरसा के पेड़ की डाल में फंसा मिला। शनिवार को गाड़ी घाट पुल के पास दोस्तों के साथ नदी में नहाते समय रवि गहरे पानी में चला गया था और डूब गया था। छात्र का शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, रवि राठौर शनिवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ गाड़ी घाट पुल के पास पिरई नदी में नहाने गया था। नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी में डूब गया। साथ नहा रहे दोस्तों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय गोताखोरों ने काफी देर तक नदी में उसकी तलाश की। सूचना मिलने पर एनडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और शनिवार देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका।

रविवार को ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने दोबारा नदी में तलाश शुरू की। इसी दौरान नदी के किनारे सिरसा के पेड़ की डाल में रवि का शव फंसा दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

यह भी पढ़ेंः Shravasti News: तालाब में मिला अज्ञात युवक का शव, कई दिन पुराना होने की आशंका; जांच में जुटी पुलिस

संबंधित समाचार