रिश्ता टूटा तो युवक ने उठाया खौफनाक कदम, घर में घुसकर फेंका एसिड; हिरासत में आरोपी
रिश्ते से इनकार करने पर बनाया था हमला करने का प्लान
रिश्ता टूटने से नाराज युवक ने आधी रात घर में घुसकर युवती पर एसिड फेंक दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हापुड़। यूपी के हापुड़ जिले में एसिड अटैक की घटना सामने आई है। यहाँ के सिंभावली थाना क्षेत्र कथित तौर पर रिश्ता टूटने से नाराज एक युवक ने अपनी पूर्व मंगेतर और उसकी बहन पर तेजाब फेंक दिया जिससे दोनों बहनें गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों युवतियों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती किया गया है।
क्या है पूरा मामला
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि लड़कियों के पिता के अनुसार उनकी बेटी का रिश्ता हापुड़ की आवास विकास कॉलोनी निवासी हर्ष भाटी से तय हुआ था लेकिन बाद में पता चला कि युवक नशे का आदी है, तो परिवार ने रिश्ता तोड़ दिया।
देर रात घर आकर किया हमला
परिजनों ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया, ''शनिवार देर रात करीब दो बजे आरोपी तेजाब लेकर युवती के घर पहुंचा। दरवाजा खुलते ही उसने मंगेतर पर तेजाब फेंक दिया। वही बचाने आई उसकी बहन पर भी हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर परिजन जाग गए और भाग रहे आरोपी को पकड़ लिया। और तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए 112 नंबर पर कॉल किया। ''
हिरासत में आरोपी से पूछताछ
सूचना पर पहुंची सिंभावली पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और दोनों लड़कियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार हो रहा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) राहुल यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
