PM Poshan Yojana: बच्चों की थाली सजाने वाले रसोइयों का सम्मान, कैशलेस इलाज की सौगात से खिले चेहरे
अयोध्या के सर्किट हाउस में पीएम पोषण योजना के रसोइयों का सम्मान समारोह, चेक के साथ बांटे गए कैशलेस चिकित्सा कार्ड
अयोध्या: पीएम पोषण योजना के तहत स्कूलों में बच्चों के लिए गर्म और पौष्टिक भोजन तैयार करने वाले रसोइयों के सम्मान में रविवार को अयोध्या के सर्किट हाउस में कार्यक्रम आयोजित किया गया। समारोह में रसोइयों को उनके योगदान के लिए सम्मानित करने के साथ चेक और कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर की।
बच्चों को पोषण देने के साथ सामाजिक समरसता का संदेश
समारोह में वक्ताओं ने पीएम पोषण योजना के उद्देश्य और इसके सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कक्षा एक से आठ तक के विद्यार्थियों को गर्म-पका और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 2004 में मध्यान्ह भोजन योजना शुरू की गई थी। इसके बाद 2007 में उच्च प्राथमिक विद्यालयों को भी योजना के दायरे में शामिल किया गया। वर्तमान में यही योजना पीएम पोषण योजना के नाम से संचालित हो रही है।
वक्ताओं ने कहा कि योजना का उद्देश्य सिर्फ बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि विद्यालयों में सामाजिक समरसता और भाईचारे को भी बढ़ावा देना है। अलग-अलग जाति और धर्म के बच्चे स्कूल में एक साथ भोजन करते हैं, जिससे उनमें एकता और आपसी सद्भाव की भावना मजबूत होती है।
रसोइयों की मेहनत को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने रसोइयों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों को समय पर स्वच्छ, गर्म और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वे प्रतिदिन अपनी मेहनत से बच्चों के पोषण में योगदान दे रहे हैं।
सम्मान के साथ चेक और कैशलेस चिकित्सा कार्ड मिलने से रसोइयों में उत्साह नजर आया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने उनके कार्य को बच्चों के स्वस्थ भविष्य से सीधे जुड़ा हुआ बताया।
ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह के प्रतिनिधि आलोक सिंह, रोहित, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, भाजपा जिला अध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार और बेसिक शिक्षा अधिकारी लालचंद्र समेत अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ेंः रायबरेली में मिड-डे मील रसोइयों को बड़ा तोहफा, राज्यमंत्री ने बांटे कैशलेस चिकित्सा कार्ड; 5 लाख तक इलाज की सुविधा
