मानदेय बढ़ने से परिषदीय स्कूलों की रसोइयों के खिले चेहरे, अब मिलेंगे तीन हजार रुपये
मुरादाबाद, अमृत विचार : परिषदीय स्कूलों की रसोइयों (भोजन माता) का मानदेय 2000 से बढ़ाकर तीन हजार रुपये कर दिया गया है। इस अवसर पर रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी लोगों ने टीवी स्क्रीन पर देखा। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान, जिलाधिकारी डा. राजेंद्र पैंसिया, मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी के अलावा विभिन्न स्कूलों में कार्यरत रसोइया मौजूद रहीं।
मानदेय बढ़ने का लाभ जिले की परिषदीय विद्यालयों की 3404 रसोइयों को मिलेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के द्वारा रसोइयों का मानदेय दो हजार रुपये से बढ़ाकर तीन हजार रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा उन्हें दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा का भी लाभ दिया जाएगा। एसबीआई में उनका बैंक खाता खोला जाएगा।
एमएलसी गोपाल अंजान ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रसोइया बहनों के आर्थिक, चिकित्सीय विकास और सामाजिक विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की है। रसोइयों के मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि कर दो से तीन हजार रुपये करने की घोषणा उनके जीवन को बेहतर बनाएगी। उनके परिधान की धनराशि भी पांच सौ से बढ़ाकर सरकार ने एक हजार रुपये कर दिया है। दो लाख रुपये का बीमा कवर भी मिलेगा। इन घोषणाओं से रसोइयों का जीवन स्तर सुधरेगा साथ ही सामाजिक बदलाव भी आएगा।
यह भी पढ़ें : जंतर-मंतर पर ‘Reservation Hatao Andolan’ से गरमाई बहस, आरक्षण व्यवस्था पर उठे ये 6 बड़े सवाल
