मुरादाबाद : दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर उमड़ा कांवड़ियों का सैलाब
हर ओर हर- हर महादेव का गूंज रहा जयघोष
दिल्ली और हरिद्वार हाईवे पर रविवार को कांवड़ियों का सैलाब उमड़ा। डीजे पर बज रहे शिव के भजनों पर झूमते थिरकते शिव भक्त गंगाजल लेकर हरिद्वार और ब्रजघाट से लौट रहे हैं। हर ओर बस भगवा रंग दिख रहा है। हर हर महादेव, बोल बम के जयघोष से माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया है।
मुरादाबाद, अमृत विचार : दिल्ली और हरिद्वार हाईवे पर रविवार को कांवड़ियों का सैलाब उमड़ा। डीजे पर बज रहे शिव के भजनों पर झूमते थिरकते शिव भक्त गंगाजल लेकर हरिद्वार और ब्रजघाट से लौट रहे हैं। हर ओर बस भगवा रंग दिख रहा है। हर हर महादेव, बोल बम के जयघोष से माहौल पूरी तरह शिवमय हो गया है।
सावन के आखिरी सोमवार को शिवालयों में गंगाजल से भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा अर्चना कर शिवभक्त अपने व परिवार के कल्याण की प्रार्थना करेंगे। इसके लिए बड़ी संख्या में कावड़ियों का जत्था हरिद्वार और ब्रजघाट से गंगाजल भरकर हरिद्वार और दिल्ली हाईवे से होकर लौटता रहा। डीजे पर बज रहे शिव के भजनों पर झूमते हुए शिव की भक्ति में डूबे कांवड़ियों का रेला गंगाजल लेकर अपने गंतव्य को लौटता रहा।
सावन के आखिरी सोमवार को कांवड़िए गंगाजल से शिवालयों में भोलेनाथ का अभिषेक कर विधि विधान से आस्था के साथ पूजा अर्चना कर अपने व अपने परिवार की सुख समृद्धि, खुशहाली के अलावा लोक कल्याण की प्रार्थना करेंगे। दिल्ली और कांठ रोड पर लगे शिविरों में आयोजकों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। शिविरों में कहीं जल सेवा तो कहीं फलाहार आदि वितरित कर उनकी सेवा की जा रही है। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने व्यवस्था का मोर्चा खुद संभाला है।
महाराणा प्रताप चौक पर नगर निगम के शिविर में कावड़ियों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। साथ ही भंडारे में भोजन प्रसाद वितरित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में कांवड़ियों ने भोजन ग्रहण किया। ब्रजघाट से गंगाजल लेकर दिल्ली हाईवे होते हुए कांवड़िये मुरादाबाद, रामपुर, बरेली व आसपास के क्षेत्रों में गंगाजल लेकर पहुंचेंगे और सोमवार को शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे। जलाभिषेक के लिए महानगर के शिवालयों मंदिरों व आसपास के क्षेत्रों में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था का प्रबंध सुनिश्चित किया गया है।
यह भी पढ़ें : मानदेय बढ़ने से परिषदीय स्कूलों की रसोइयों के खिले चेहरे, अब मिलेंगे तीन हजार रुपये
