गोंडा : रसोइयों को अब 3 हजार मानदेय, 5 लाख तक का मुफ्त इलाज
प्रदेश सरकार ने रसोइयों को दिया कैशलेस चिकित्सा कार्ड व मानदेय वृद्धि का तोहफा
गोंडा, अमृत विचार : प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के सम्मान और उनके कल्याण को लेकर रविवार को जिला पंचायत सभागार में सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। रसोइयों के हित में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के क्रम में आयोजित इस कार्यक्रम में रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड तथा बढ़े हुए मानदेय का प्रतीकात्मक चेक वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन तथा गोण्डा सांसद/केन्द्रीय विदेश राज्यमंत्री के प्रतिनिधि रमाशंकर मिश्र ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड और मानदेय वृद्धि का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया। कार्ड और मानदेय वृद्धि का लाभ पाकर रसोइयों के चेहरे खिल उठे।
इस मौके पर डीएम प्रियंका निरंजन ने कहा कि प्रधानमंत्री पोषण योजना को धरातल पर सफल बनाने में रसोइयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। विद्यालयों में बच्चों को समय से पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी रसोइयां पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभा रही हैं। बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से सीधे जुड़ी इस जिम्मेदारी के बावजूद रसोइयां लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। एडी बेसिक राम सागर पति राम त्रिपाठी ने कहा कि विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था में रसोइयों की भूमिका केवल भोजन पकाने तक सीमित नहीं है। वे बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रही हैं। प्रधानमंत्री पोषण योजना के प्रभावी संचालन में उनके योगदान को देखते हुए सरकार की ओर से उन्हें सम्मान और सुविधाएं उपलब्ध कराना सराहनीय कदम है।
बीएसए अमित सिंह ने कहा कि शासन ने रसोइयों के हितों को ध्यान में रखते हुए कैशलेस चिकित्सा सुविधा और मानदेय में वृद्धि जैसी महत्वपूर्ण पहल की है। इससे रसोइयों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने के साथ ही उनके आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण को भी बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार रसोइयों के योगदान और उनके कल्याण को लेकर गंभीर है तथा उनकी सुविधाओं में लगातार सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।जिला पंचायत सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एडी बेसिक रामसागर पति त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक डा रामचंद्र,खंड शिक्षा अधिकारी
झंझरी डा समय प्रसाद पाठक, बीईओ मुजेहना अंजनी कुमार सिंह,जिला समन्वयक समेकित शिक्षा राजेश सिंह, जिला समन्वयक एमडीएम गणेश गुप्ता,विनीता कुशवाहा, कमलेश पांडेय, राघवेंद्र प्रताप सिंह, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष उदयभान वर्मा, आनंद सिंह, सुधाकर मिश्र सहित बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
विधानसभाओं में भी हुए कार्यक्रम
जिला मुख्यालय के अलावा जिले की सभी संबंधित विधानसभाओं में भी रसोइयों के सम्मान और कार्ड वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कटरा बाजार विधानसभा क्षेत्र में विधायक बावन सिंह, तरबगंज में विधायक प्रेम नरायन पाण्डेय, गौरा में विधायक प्रभात वर्मा तथा मेहनौन में विधायक विनय कुमार द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड और मानदेय वृद्धि का प्रतीकात्मक चेक वितरित किया। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में रसोइयों ने भाग लिया।
