Baghpat Sugar Price : 65 रुपये किलो पार हुई चीनी तो मचा हड़कंप, दो गोदामों पर प्रशासन का छापा; स्टॉक देख अफसर भी हैरान
यमुना रोड के गोदामों में क्षमता के मुकाबले मिला बेहद कम स्टॉक, संचालकों को नोटिस
बागपत में चीनी के दाम 65 रुपये किलो से ऊपर पहुंचने और कालाबाजारी की शिकायतों पर प्रशासन ने दो गोदामों पर छापा मारा। 4000 क्विंटल क्षमता वाले गोदाम में सिर्फ 375 क्विंटल और दूसरे में 11.5 क्विंटल स्टॉक मिला। दोनों संचालकों को नोटिस जारी कर स्टॉक अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं।
बागपत, अमृत विचार। चीनी के दाम 65 रुपये किलो के पार पहुंचने और कालाबाजारी की शिकायतों के बाद बागपत में प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। शनिवार शाम एसडीएम दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में टीम ने शहर के यमुना रोड स्थित दो चीनी के गोदामों पर छापेमारी की। जांच के दौरान दोनों गोदामों में निर्धारित क्षमता के मुकाबले काफी कम स्टॉक मिला।
4000 क्विंटल क्षमता वाले गोदाम में मिला सिर्फ 375 क्विंटल स्टॉक
एसडीएम दिग्विजय सिंह के मुताबिक, पहला गोदाम व्यापारी अर्पित का बताया गया है। इसकी भंडारण क्षमता करीब 4000 क्विंटल है, लेकिन जांच के दौरान मौके पर महज 375 क्विंटल चीनी मिली। वहीं दूसरे गोदाम में सिर्फ 11.5 क्विंटल चीनी का स्टॉक मिला। हालांकि, प्रशासनिक टीम को जांच के दौरान तत्काल तौर पर कालाबाजारी जैसी स्थिति नहीं मिली। इसके बावजूद स्टॉक कम पाए जाने को गंभीरता से लेते हुए दोनों गोदाम संचालकों को नोटिस जारी किया गया है।
एक सप्ताह में पोर्टल पर देना होगा स्टॉक का ब्योरा
प्रशासन ने दोनों संचालकों को निर्देश दिया है कि वे एक सप्ताह के भीतर पोर्टल पर अपने स्टॉक की जानकारी अपडेट करें। साथ ही नया स्टॉक आने पर उसका सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि चीनी की कालाबाजारी या अनियमितता सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चीनी की कीमतों पर प्रशासन की नजर
चीनी के दाम लगातार बढ़ने और बाजार में कालाबाजारी की शिकायतों के बाद प्रशासन ने गोदामों और स्टॉक पर निगरानी बढ़ा दी है। छापेमारी के दौरान पुलिस उपाधीक्षक सुकन्या शर्मा समेत खाद्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
