Pilibhit News : पीलीभीत में संजय की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव के बीच फोर्स तैनात 

Amrit Vichar Network
Edited By Ateeq Khan
On

बाइक से जा रहे संजय को खींचकर पीटा, परिवार की महिलाओं के पहुंचनें पर दोबारा हमला करके कर दी हत्या 

घटनाक्रम बरखेड़ा थाना क्षेत्र की करोड़ चौकी के सिसईया गांव का है। संजय कुमार उर्फ छोटे लाल (38 वर्ष) शनिवार की शाम बाइक से भूड़ा गांव के लिए निकले थे। रास्ते में कन्हईलाल का घर है। किसी बात को लेकर यहां संजय के साथ कन्हई के परिवार की कहासुनी हो गई। आरोप है कि कन्हई लाल ने संजय को बाइक से खींच लिया। मारपीट करके बाइक छीन ली। 

अमृत विचार : पीलीभीत में एक बाइक सवार व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हमले में परिवार की महिलाओं को भी चोटें आई हैं। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने घर में ताला लगाकर फरार हो गए। सरेराह हत्या की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात है। 

घटनाक्रम बरखेड़ा थाना क्षेत्र की करोड़ चौकी के सिसईया गांव का है। संजय कुमार उर्फ छोटे लाल (38 वर्ष) शनिवार की शाम बाइक से भूड़ा गांव के लिए निकले थे। रास्ते में कन्हईलाल का घर है। किसी बात को लेकर यहां संजय के साथ कन्हई के परिवार की कहासुनी हो गई। आरोप है कि कन्हई लाल ने संजय को बाइक से खींच लिया। मारपीट करके बाइक छीन ली। 

संजय की बहन मंजू देवी के मुताबिक, संजय ने घर आकर घटनाक्रम बताया तो हम सब महिलाएं उनके घर गए। इस पर आरोपियों ने दोबारा से मारपीट शुरू कर दी। संजय को घर में खींचकर लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। संजय की भतीजी और परिवार की अन्य महिलाओं के साथ भी मारपीट की। इसमें दो किशोरियों के अलावा अन्य महिलाओं को चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने किसी तरह संजय को छुड़ाया। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही संजय ने दम तोड़ दिया। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

संजय की मौत से तनाव

संजय की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजन आक्रोश से भर गए। महिलाएं बिलखने लगीं। सूचना पर पुलिस पहुंची। तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। 

पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर

पुलिस ने मृतक संजय की पत्नी की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस ने दबिश भी दी। इस घटना ने गांव को हिलाकर रख दिया है। हर कोई सन्न है। 

क्या बोली पुलिस 

पीलीभीत के एसपी सुकीर्ति माधव ने कहा कि विवाद के पीछे शराब के नशे की बात सामने आ रही है। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।

 

इसे भी पढ़ें- बरेली के पांच लोगों को स्वाइन फ्लू, जिला अस्पताल में बना विशेष वार्ड, अलर्ट जारी 

 

संबंधित समाचार