Bareilly News : बरेली के पांच लोगों को स्वाइन फ्लू, जिला अस्पताल में बना विशेष वार्ड, अलर्ट जारी
नोएडा में भर्ती मरीजों का हेल्थ विभाग की वेबसाइट पर अपेडट हुआ ब्योरा
बरेली के पांच मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिले में अलर्ट जारी किया है। सीएचसी प्रभारियों के साथ बैठक की। जांच और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। बरेली के चार मरीज नोएडा के निजी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि एक महिला का बरेली के ही एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अमृत विचार : स्वाइन फ्लू ने बरेली में दस्तक दे दी है। पांच लोगों में इसकी पुष्टि हुई है। एक महिला बरेली में भर्ती है, जबकि चार मरीज नोएडा में। स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। जिला अस्पताल में आठ बेड का विशेष वार्ड तैयार किया गया है। मरीजों की पहचान के लिएए सर्विलांस सक्रिय कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है।
मॉडल टाउन की एक बुजुर्ग महिला कुछ दिनों से बीमार थीं। सांस की समस्या हो गई। परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक जां रिपोर्ट एन1एच1 पॉजिटिव आई है। एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला की हालत गंभीर बनी है।
नोएडा में भर्ती चार मरीज
बरेली के ही एक मां-बेटे को भी स्वाइन फ्लू हुआ है। दोनों का नोएडा के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। बरेली के दो अन्य स्वाइन फ्लू के मरीज नोएडा में भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर इनका ब्योरा अपडेट हुआ है। दरअसल ये लोग पिछले कुछ वर्षों से नोएडा में ही रह रहे थे।
बरेली के पांच लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने पर स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। जिला अस्पताल में स्वाइन फ्लू को लेकर एक विशेष वार्ड बनाया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को भर्ती किया जा सके।
सीएमओ ने की बैठक
जिला अस्पताल के एडीएसआईसी डॉ. आरसी दीक्षित और सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने शनिवार को बरेली के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) प्रभारियों के साथ बैठक की। अधिकारियों ने डॉक्टर्स से कहा कि अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाएं। संदिग्ध मरीजों की स्वाइन फ्लू की जांच, लक्ष्ण मिलने पर उपचार शुरू किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि सभी सीएचसी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संदिग्ध मरीजों पर विशेष नजर रखने को कहा गया है। किसी व्यक्ति में स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच कराई जाएगी, ताकि संक्रमण की स्थिति स्पष्ट होने पर समय रहते उपचार उपचार शुरू किया जा सके। सीएमओ ने बताया कि स्वाइन फ्लू को लेकर जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
