UP Weather, 30 August: आज भी आसमान में छाए रहेंगे बादल, यूपी के इन जिलों में होगी बारिश; जानिए आपके शहर का हाल
यूपी में आज मौसम का मिजाज बदला रहेगा। आसमान में बादल छाए रहने के साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना है। जानिए लखनऊ समेत आपके शहर का मौसम और IMD अपडेट
लखनऊ, अमृत विचार : राजधानी में शनिवार को सुबह से धूप निकलने के बाद उमस बढ़ गई। दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गयी। घने बादल छा गए, जिससे दिन में अंधेरा छा गया। शहर के कई इलाकों में शाम तक कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश होती रही। मौसम सुहावना हो गया और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद भी तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ।
अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य के करीब था। न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक था। सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए लोग घूमने निकल पड़े। शाम के समय गोमती रिवर फ्रंट, चटोरी गली, 1090 चौराहा, अम्बेडकर पार्क, जनेश्वर मिश्र पार्क, लोहिया पार्क, चिड़ियाघर में दर्शकों की भीड़ रही। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी बादल छाए रहेंगे। कुछ चरणों में हवा संग तेज बारिश की संभावना है।
विंध्य क्षेत्र के सोनभद्र, चंदौली, मिर्जापुर में बारिश के आसार
बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में दबाव कम हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को विंध्य क्षेत्र के सोनभद्र, चंदौली, मिर्जापुर आदि जिलों के साथ ही पूर्वी- तराई के कुछ इलाकों में कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही इस दौरान प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। हालांकि इस दौरान पश्चिमी यूपी में बारिश कम होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी में एक सितंबर तक भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं दिया है।
