भारत-पाक मैच में हाथ मिलाएंगी या नहीं? कोच मजूमदार ने दिया ऐसा जवाब की बढ़ा सस्पेंस

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

5 सितंबर को पाकिस्तान से भिड़ेगी टीम इंडिया, लेकिन कोच ने अभी नहीं खोला पत्ता; बोले- फिलहाल थाइलैंड पर है पूरा फोकस

दुबई। महिला एशिया कप 2026 में भारतीय महिला टीम रविवार को अपने अभियान की शुरुआत थाइलैंड के खिलाफ करेगी। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले से पहले हालांकि सबसे ज्यादा चर्चा 5 सितंबर को होने वाले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर है। खासतौर पर सवाल यह है कि क्या भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान की टीम से हाथ मिलाएंगी?

इस सवाल पर भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने फिलहाल कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है। थाइलैंड के खिलाफ मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब उनसे पाकिस्तान के खिलाफ हैंडशेक को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि टीम का ध्यान फिलहाल मैदान पर बेहतर क्रिकेट खेलने पर है।

‘जब वह मैच खेलेंगे, तब इस बारे में बात करेंगे’

मजूमदार ने कहा कि टीम मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलने की कोशिश करती है और मैदान के बाहर की चीजों पर ध्यान नहीं देती। उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला आएगा, तब इस बारे में बात की जाएगी। फिलहाल टीम का पूरा ध्यान थाइलैंड के खिलाफ होने वाले मैच पर है।

इस जवाब के बाद 5 सितंबर के भारत-पाकिस्तान मुकाबले में हैंडशेक होगा या नहीं, इस सवाल पर सस्पेंस बरकरार है। दोनों टीमों का मुकाबला दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होना है।

पहलगाम हमले के बाद बदला था माहौल

अप्रैल 2025 में पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मुकाबलों में हैंडशेक को लेकर चर्चा तेज हुई थी। इसके बाद भारतीय टीमों और पाकिस्तान के बीच कई मुकाबलों में खिलाड़ियों ने हाथ मिलाने से परहेज किया।

महिला क्रिकेट में भी यह स्थिति देखने को मिली। ऐसे में महिला एशिया कप में 5 सितंबर का मुकाबला केवल क्रिकेट के लिहाज से ही नहीं, बल्कि इस प्रोटोकॉल को लेकर भी चर्चा में है।

थाइलैंड को हल्के में नहीं लेगी टीम इंडिया

भारत के लिए फिलहाल सबसे पहली चुनौती थाइलैंड की है। थाइलैंड ने टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ की है। उसने अपने पहले मुकाबले में हांगकांग को 6 रन से हराया था।

मजूमदार ने कहा कि भारतीय टीम को टूर्नामेंट की अच्छी शुरुआत पर ध्यान देना होगा। उन्होंने आक्रामक क्रिकेट खेलकर बेहतर परिणाम हासिल करने की बात कही। BCCI ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके इसी संदेश को रेखांकित किया है।

हालिया टी20 प्रदर्शन पर भी बोले कोच

भारतीय महिला टीम का हालिया टी20 प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। टीम के फॉर्म को लेकर सवाल पूछे जाने पर मजूमदार ने कहा कि टीम पिछले प्रदर्शन पर ज्यादा ध्यान नहीं देती।

उन्होंने माना कि टीम में सुधार की काफी गुंजाइश है। साथ ही उन्होंने टीम में मौजूद युवा खिलाड़ियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय टीम अच्छा और आक्रामक क्रिकेट खेलने की कोशिश कर रही है।

फैंस की नजर 5 सितंबर पर

भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला 5 सितंबर को होना है। उससे पहले भारतीय टीम का फोकस थाइलैंड के खिलाफ जीत के साथ एशिया कप अभियान शुरू करने पर है। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में हैंडशेक होगा या नहीं, इस पर मजूमदार ने अभी फैसला या स्थिति स्पष्ट नहीं की है। ऐसे में इस मुद्दे पर अंतिम तस्वीर मुकाबले के करीब ही साफ होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ेंः Roger Federer Hall of Fame: हॉल ऑफ फेम में नाम जुड़ा तो छलक पड़े फेडरर के आंसू, पत्नी मिर्का का जिक्र आते ही हुए भावुक

संबंधित समाचार