India vs Thailand: थाईलैंड के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करने उतरेगा भारत, जानें किसका पलड़ा भारी
हरमनप्रीत कौर की टीम के सामने एशिया कप में मजबूत शुरुआत की चुनौती, जेमिमा की गैरमौजूदगी में मध्यक्रम की परीक्षा; 30 अगस्त को दुबई में मुकाबला
दुबईः पिछले कुछ समय में टीम की फॉर्म और प्रदर्शन में निरंतरता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम रविवार को थाईलैंड के खिलाफ महिला टी20 एशिया कप 2026 में अपने अभियान का आगाज करेगी। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा।
भारत की कोशिश टूर्नामेंट की शुरुआत बड़ी जीत के साथ करने की होगी। एशिया कप में भारत का दबदबा रहा है, लेकिन हालिया टी20 प्रदर्शन टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।
एशिया कप में भारत का शानदार रिकॉर्ड
पिछले एक दशक में महिला टी20 एशिया कप में भारत सबसे सफल टीमों में रहा है। 2016-17 से खेले गए टी20 प्रारूप के पांच संस्करणों में भारत ने तीन बार खिताब अपने नाम किया है।
हालांकि, हालिया प्रदर्शन अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं रहा। भारत ने इस साल खेले गए 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में से नौ मुकाबले गंवाए हैं। टीम को आखिरी हार महिला टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली थी, जिसके बाद भारतीय टीम ग्रुप चरण से ही बाहर हो गई थी।
हरमनप्रीत की फॉर्म भी चर्चा में
कप्तान हरमनप्रीत कौर की फॉर्म और टी20 क्रिकेट में उनके भविष्य को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने महिला टी20 विश्व कप के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था, लेकिन उनकी बल्लेबाजी में निरंतरता की कमी टीम के लिए चिंता बनी हुई है।
एशिया कप के बाद भारत को जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भी हिस्सा लेना है। ऐसे में इन दोनों बड़े टूर्नामेंटों में टीम के प्रदर्शन पर खास नजर रहेगी।
जेमिमा की गैरमौजूदगी में मध्यक्रम की परीक्षा
भरोसेमंद बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स की गैरमौजूदगी भारत के लिए चुनौती है। उनकी जगह टीम में प्रतीका रावल को शामिल किया गया है। जेमिमा की अनुपस्थिति में मध्यक्रम पर अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी।
भारत के पास शीर्ष क्रम में स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा जैसी मजबूत बल्लेबाज हैं। चुनौती तीसरे नंबर और उसके बाद के बल्लेबाजों के सामने लय बनाए रखने तथा स्कोरिंग रेट को तेज रखने की होगी।
खराब फील्डिंग में सुधार जरूरी
भारत के पिछले टी20 मुकाबलों में खराब फील्डिंग भी चिंता का कारण रही थी। टीम ने कई अहम कैच छोड़े, जिसका सीधा असर नतीजों पर पड़ा।
अगर भारत को एशिया कप और इसके बाद एशियाई खेलों में खिताब का मजबूत दावेदार बने रहना है तो फील्डिंग में तत्काल सुधार करना होगा।
स्पिन और तेज गेंदबाजी दोनों में मजबूत विकल्प
गेंदबाजी में भारत के स्पिन आक्रमण की अगुवाई अनुभवी ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा करेंगी। उनके साथ श्री चरणी, राधा यादव और प्रेमा रावत जैसे विकल्प मौजूद हैं।
तेज गेंदबाजी में अनुभवी रेणुका सिंह ठाकुर के साथ क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी और नंदनी शर्मा टीम को मजबूती देते हैं।
थाईलैंड हांगकांग को हराकर बढ़े मनोबल के साथ उतरेगा
दूसरी ओर, थाईलैंड अपने शुरुआती मुकाबले में हांगकांग के खिलाफ मिली जीत से उत्साहित होगा। थाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर 120 रन बनाए और फिर हांगकांग को 7 विकेट पर 114 रन पर रोक दिया।
कप्तान नारुएमोल चाईवाई ने 43 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। गेंदबाजी में ओन्निचा कामचोम्फू ने तीन विकेट और फनिता माया ने दो विकेट हासिल किए।
भारत और थाईलैंड के बीच अब तक तीन टी20 मुकाबले हुए हैं और भारत ने सभी तीनों में जीत दर्ज की है।
ग्रुप ए में भारत के सामने थाईलैंड, हांगकांग और पाकिस्तान
महिला टी20 एशिया कप में भारत को ग्रुप ए में थाईलैंड, हांगकांग-चीन और पाकिस्तान के साथ रखा गया है। भारत 30 अगस्त को थाईलैंड के बाद 3 सितंबर को हांगकांग-चीन और 5 सितंबर को पाकिस्तान से भिड़ेगा।
भारतीय टीम की नजर सिर्फ ग्रुप चरण पार करने पर नहीं बल्कि टूर्नामेंट में खिताबी अभियान को मजबूत बनाने पर होगी। थाईलैंड के खिलाफ मुकाबला टीम के लिए अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और खासकर फील्डिंग में लय हासिल करने का पहला बड़ा मौका होगा।
दोनो देशों की टीम
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), गुनालन कमलिनी (विकेटकीपर), प्रतिका रावल, शेफाली वर्मा, दीप्ति शर्मा, क्रांति गौड़, प्रेमा रावत, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह ठाकुर, नंदनी शर्मा, श्री चरणी, राधा यादव।
थाईलैंड: नारुएमोल चाइवाई (कप्तान), नन्नाफट चाइहान, नत्थाकन चंथम, नाओमी हिल्टन, नन्नापत कोंचरोएनकाई (विकेटकीपर), ओन्निचा कामचोमफू, फन्निता माया, चानिदा सुथिरुआंग, एफिसारा सुवानचोराथी, सुनीदा चतुरोंग्रट्टाना, चायनिसा फेंगपैन, सुलेपोर्न लाओमी, थिपचा पुथावोंग, थानराडा सीसावन, कोरानिट सुवानचोनराथी।
मैच भारतीय समयानुसार रात 8:00 बजे शुरू होगा।
यह भी पढ़ेंः 52 साल बाद वर्ल्ड कप में भारत का कमाल, महिला हॉकी टीम को लाखों का इनाम; जर्मनी को हराकर रचा इतिहास
