Bahraich News: किशोर को रातभर लॉकअप में रखने का आरोप, CWC ने नानपारा पुलिस से मांगा जवाब

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

बहराइच। नानपारा कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे एक किशोर को पुलिस द्वारा लॉकअप में बंद कर रातभर भूखा-प्यासा रखने का मामला सामने आया है। किशोर ने बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) न्यायपीठ के समक्ष उपस्थित होकर लिखित शिकायत दी है। उसने घटना से संबंधित वीडियो भी समिति को उपलब्ध कराया। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष सतीश कुमार श्रीवास्तव ने नानपारा थाना प्रभारी से स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही पुलिस अधीक्षक को भी प्रकरण की सूचना भेजकर आवश्यक कार्रवाई की अपेक्षा की गई है।

किशोर के मुताबिक, पारिवारिक एवं जमीन-जायदाद के विवाद को लेकर उसके पट्टीदारों ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। मारपीट में उसके नाक, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। नाक से खून निकलने के कारण उसकी शर्ट तक भीग गई। घटना की शिकायत और रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए वह नानपारा कोतवाली पहुंचा था।

आरोप है कि वहां पुलिस ने उसकी शिकायत सुनने और चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बजाय उसे ही लॉकअप में बंद कर दिया। किशोर का कहना है कि उसे रातभर खाना और पानी तक नहीं दिया गया। अगले दिन सुबह उसका भाई थाने पहुंचा और उसे खाना तथा पानी उपलब्ध कराया। किशोर के अनुसार करीब 24 घंटे बाद उसे लॉकअप से बाहर निकाला गया।

पीड़ित का यह भी आरोप है कि थाने में रखे जाने के बावजूद उसकी चोटों का चिकित्सकीय परीक्षण नहीं कराया गया और न ही घटना की प्राथमिकी दर्ज की गई। उसने समिति को बताया कि उसके विपक्षी प्रभावशाली हैं और इसी प्रभाव के चलते उसके साथ पुलिस द्वारा कथित तौर पर ऐसा व्यवहार किया गया। सीडब्ल्यूसी ने पुलिस से पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा है। अब पुलिस की जांच और स्पष्टीकरण के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

ये भी पढ़ें : 

नेपाल जलप्रलय के बाद हरदोई के दो युवक लापता, परिजनों का टूटा संपर्क; त्रिसूली पावर प्रोजेक्ट में थे तैनात 

संबंधित समाचार