दरवाजे पर पहुंचे हमलावरों ने युवक को मारी गोली, सुलतानपुर में सनसनी; गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

मोतिगरपुर के मुड़हा गांव में देर रात वारदात, एक नामजद समेत दो अज्ञात के खिलाफ केस; पुरानी रंजिश की आशंका

सुलतानपुर, अमृत विचारः मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के मुड़हा गांव में शुक्रवार देर रात एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। मामले में पुलिस ने एक नामजद आरोपी समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तीन लोगों के पहुंचने के बाद मारी गोली

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, मुड़हा गांव निवासी दान बहादुर सिंह के भाई के दरवाजे पर शुक्रवार रात करीब 11:45 बजे शिवम सिंह पुत्र अवधेश सिंह दो अज्ञात लोगों के साथ पहुंचा। आरोप है कि तीनों ने जान से मारने की नीयत से वहां मौजूद विपिन सिंह पुत्र इंद्रसेन सिंह को गोली मार दी।

गोली लगने से विपिन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।

एक नामजद समेत दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा

घटना के संबंध में दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने शिवम सिंह को नामजद करते हुए दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सीओ जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना उपनिरीक्षक कृष्णपाल सिंह को सौंपी गई है।

पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है। हालांकि, घटना की पूरी वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी।

यह भी पढ़ेंः नेपाल की त्रासदी को लेकर महराजगंज में बढ़ी टेंशन, नदियों का जलस्तर बढ़ा; प्रशासन अलर्ट

संबंधित समाचार