बहराइच के रेस्टोरेंट में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक; दमकल ने पाया काबू
बहराइच के एक रेस्टोरेंट में अचानक आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दमकल टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पाया।
बहराइच, अमृत विचार। कस्बे में सत्या कॉम्प्लेक्स की ऊपरी मंजिल पर संचालित स्वाद रेस्टोरेंट के पीछे बने फूस के हटों में शुक्रवार-शनिवार की देर रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पीछे बने तीन हटों को अपनी चपेट में ले लिया और उनमें रखा सामान जलकर खाक हो गया। घटना में करीब दो से ढाई लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
फायर फाइटर ने पाया काबू
बताया जाता है कि रक्षाबंधन के चलते शुक्रवार को रेस्टोरेंट बंद था। देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच पीछे की ओर बने फूस के तीन हटों में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। रेस्टोरेंट मालिक संजय श्रीवास्तव ने तत्काल फायर सर्विस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची फायर सर्विस की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
ढाई लाख का नुकसान
समय रहते आग बुझ जाने से रेस्टोरेंट परिसर में बने अन्य हट आग की चपेट में आने से बच गए। आग बुझाने में थोड़ी भी देर होती तो नुकसान और बढ़ सकता था। रेस्टोरेंट मालिक संजय श्रीवास्तव ने बताया कि आग से करीब दो से ढाई लाख रुपये का सामान जलकर नष्ट हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
ये भी पढ़ें :
Bahraich News: PRD जवान की पिटाई का आरोप, सिपाही पर FIR की मांग
