Bahraich News: PRD जवान की पिटाई का आरोप, सिपाही पर FIR की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

PRD जवान की पिटाई का आरोप लगा है। मामले में आरोपी सिपाही के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की गई है। जानिए पूरा मामला और क्या है शिकायत।

बहराइच। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ड्यूटीरत प्रांतीय रक्षक दल जवान कामता प्रसाद यादव (57) के साथ मारपीट का आरोप लगा है। पीआरडी जवानों ने कोतवाली नानपारा के थाना अध्यक्ष को तहरीर देकर सिपाही शुभम यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

तहरीर के अनुसार, सिपाही शुभम यादव एक ई-रिक्शा पकड़कर लाए थे। आरोप है कि ई-रिक्शा किस कारण पकड़ा गया था, इसकी जानकारी पीआरडी जवान को नहीं दी गई। कुछ देर बाद ई-रिक्शा चालक वाहन लेकर चला गया।

आरोप है कि इसके बाद सिपाही ने गाली-गलौज करते हुए ड्यूटीरत पीआरडी जवान के ही डंडे से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसके हाथ में फ्रैक्चर और सिर में चोट आई है। तहरीर में सिपाही के नशे में होने का भी आरोप लगाया गया है। पीआरडी जवानों ने मांग की है कि घटना के सीसीटीवी फुटेज, ड्यूटी रजिस्टर और गवाहों के बयान सुरक्षित कर निष्पक्ष जांच की जाए।

घायल जवान का मेडिकल परीक्षण कराकर सिपाही के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की जाए। इस संबंध में प्रतिलिपि डीजी युवा कल्याण एवं पीआरडी लखनऊ, जिलाधिकारी बहराइच, पुलिस अधीक्षक बहराइच और सीओ नानपारा को भी भेजी गई है।थाना प्रभारी निरीक्षक गुरुसेन सिंह ने बताया कि जांच करते हुए उचित कार्यवाही की जाएगी ।

ये भी पढ़ें : 
Bahraich News: किशोर को रातभर लॉकअप में रखने का आरोप, CWC ने नानपारा पुलिस से मांगा जवाब

संबंधित समाचार