Bareilly News : कौन हैं बरेली की नेहा मित्तल, अमेरिका में AI कंपनी बनाई, पीएम मोदी समेत वैश्विक नेताओं के साथ साझा किया मंच
बरेली के इस स्कूल से पढ़ाई करके अमेरिका में स्थापित कर दी एआई कंपनी
नेहा मित्तल ने दो साल पहले अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में रहते हुए एआई स्टार्टअप के क्षेत्र में कदम रखा था। वह एआई कंपनी जस्ट एआई की सह-संस्थापक और सीईओ हैं। उनकी कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से कंपनियों के मार्केटिंग और ग्राहक अनुभव को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रही है।
अमृत विचार। नाथ नगरी बरेली की प्रतिभाएं दुनियाभर में नाम कमा रही हैं। नासा से लेकर गूगल तक एक लंबी फेहरिस्त है। नेहा मित्तल भी इनमें से एक हैं। जस्ट एआई की फाउंडर नेहा मित्तल ने पिछले दिनों दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड लीडर्स फोरम में पीएम मोदी समेत कई वैश्विक नेताओं के साथ मंच साझा किया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस(एआई) के जरिए रोजगार के रास्ते खोलने पर संवाद किया। बरेली के सेंट मारिया स्कूल से लेकर अमेरिका में कंपनी स्थापित करने तक, जानिए नेहा मित्तल की सफलता की कहानी।
नेहा मित्तल बरेली के प्रतिष्ठित चिकित्सक डा. अनुराग मित्तल और डा. राजकुमारी मित्तल की बेटी हैं। शहर के सेंट मारिया स्कूल की स्टूडेंट रहीं नेहा सपने साकार करते हुए अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में बड़ा नाम कमा रही हैं। उन्होंने हाल ही में नई दिल्ली के होटल ताज पैलेस में आयोजित वर्ल्ड लीडर्स फोरम में हिस्सा लिया।
वैश्विक मंच पर नेहा
कार्यक्रम में उन्हें पीएम मोदी, ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन, सर्जियो गोर के साथ कई प्रमुख वैश्विक नेताओं से मिलने व विमर्श का अवसर मिला। आयोजन में देश के चुनिंदा उद्यमी और टेक्नोलॉजी लीडर्स आमंत्रित थे। नेहा ने फायरफ्लाइज़ एआई के सीईओ कृष रामिनेनी, विस्पर फ्लो के संस्थापक तनय कोठारी समेत दीपान्विता, कृष्णा, सुदीप और भारत से वैश्विक स्तर पर टेक्नो कंपनियां खड़ी कर रहे दूसरे उद्यमियों के साथ भी विचार साझा किए। बदलते वैश्विक नियमों के बीच तकनीकी विकास पर मंथन
नेहा मित्तल के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय आयोजन में उद्देश्य सिर्फ एआई तकनीक या भविष्य में बनने वाली अत्याधुनिक प्रणालियों तक सीमित नहीं थी। विमर्श का बड़ा सवाल ये था कि भारत समेत दुनिया के देश परस्पर सहयोग के साथ एआई को तेजी और जिम्मेदारी से कैसे अपना सकते हैं।
चर्चा में युद्ध, वैश्विक प्रतिबंध और बदलते नियमों के बीच टेक्नोलॉजी के विकास, एआई के दौर में युवाओं और कर्मचारियों को नए कौशल देने, रोजगार के बदलते स्वरूप व सरकारों, उद्यमियों और नीति-निर्माताओं के बीच बेहतर संवाद जैसे विषय शामिल रहे।
जस्ट एआई की कंपनी बनाई
नेहा मित्तल ने दो साल पहले अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में रहते हुए एआई स्टार्टअप के क्षेत्र में कदम रखा था। वह एआई कंपनी जस्ट एआई की सह-संस्थापक और सीईओ हैं। उनकी कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से कंपनियों के मार्केटिंग और ग्राहक अनुभव को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रही है।
बेटी पर गर्व
नेहा के पिता डा. अनुराग मित्तल ने अमृत विचार को बताया कि नेहा की शुरुआती पढ़ाई बरेली के सेंट मरिया स्कूल में हुई। बाद में उन्होंने नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ सिंगापुर से 2010 से 2014 के बीच कंप्यूटर इंजीनियरिंग की। मास्टर्स की पढ़ाई यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया बर्कले से पूरी की। वह ट्वीटर और पिंटरेस्ट जैसी नामी कंपनियों के साथ भी काम कर चुकी हैं।
