आगामी त्योहारों से पहले वाराणसी पुलिस कमिश्नर का एक्शन, 9 SHO के ट्रांसफर, 3 लाइन हाजिर 

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

आगामी त्योहारों से पहले वाराणसी पुलिस कमिश्नर ने बड़ा एक्शन लिया है। 9 SHO का ट्रांसफर और 3 को लाइन हाजिर किया गया। जानें पूरी कार्रवाई।

वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में पुलिस आयुक्त  मोहित अग्रवाल ने खराब प्रदर्शन और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करते हुए 9 थानेदारों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। अग्रवाल ने शुक्रवार देर शाम पुलिस लाइन सभागार में मासिक अपराध समीक्षा बैठक में अधिकारियों को जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। 

उन्होंने महिला अपराधों में तत्काल प्राथमिकी, लूट और चेन छिनैती की घटनाओं का शत-प्रतिशत अनावरण तथा जुआ, सट्टा, देह व्यापार, अवैध हुक्का बार और मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए विशेष निगरानी दल-2 गठित करने की घोषणा की। 

तीन निरीक्षक पुलिस लाइन भेजे गए

फेरबदल करते हुए निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, दिलीप कुमार मिश्रा और दयाराम को पुलिस लाइन भेजा गया है। उन्हें जनपद स्थानांतरण के लिए कार्यमुक्त भी किया गया है। 

इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

वहीं अजय राज वर्मा को फूलपुर, विजय कुमार शुक्ला को चौक, उप निरीक्षक दिगम्बर उपाध्याय को मण्डुवाडीह, पवन पाण्डेय को चेतगंज, अभिजीत सिंह को लोहता और जितेन्द्र कुमार को राजातालाब थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सहायक पुलिस आयुक्त स्तर पर अपूर्व पाण्डेय को साइबर अपराध और प्रज्ञा पाठक को कैंट की जिम्मेदारी दी गई है। 

साइबर ठगी से निपटने के लिए खास अभियान 

साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों की धनराशि वापस दिलाने, अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई और नियमित पैदल गश्त के भी निर्देश दिए गए। पुलिस आयुक्त ने कहा कि सभी थानों में सीसीटीवी कैमरे चौबीसों घंटे चालू रहें और प्रत्येक प्राथमिकी व गुमशुदगी की सहायक पुलिस आयुक्त स्तर पर समीक्षा होगी। 

जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी को लेकर अलर्ट

विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच तथा आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस प्रबंध के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में प्रदर्शन के आधार पर जवाबदेही तय होगी और लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। 

ये भी पढ़ें : 
Mann Ki Baat: यूपी के क्लीन-अप योद्धाओं की पीएम मोदी ने की तारीफ, जानें मन की बात की बड़ी बातें

संबंधित समाचार