Raebareli News: झाड़ियों से ढके खुले कुएं में गिरा युवक... मौत; नगर पंचायत की लापरवाही पर उठे सवाल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

परशदेपुर के वार्ड नंबर 10 में हादसा, शौच के लिए निकला था आकाश; दो छोटे भाइयों का था एकमात्र सहारा

छतोह (रायबरेली)। आदर्श नगर पंचायत परशदेपुर में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसे में युवक की जान चली गई। वार्ड नंबर 10 में शुक्लाना जूनियर हाईस्कूल के पास झाड़ियों से ढके खुले कुएं में गिरने से युवक की मौत हो गई। हादसा रात करीब 10 बजे हुआ।

मृतक की पहचान नगर पंचायत परशदेपुर के मोहल्ला काजी का पुरवा निवासी आकाश पुत्र पिंटू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आकाश शौच के लिए कुएं के पास गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह खुले कुएं में जा गिरा और उसकी मौत हो गई।

झाड़ियों से ढका था कुआं, सुरक्षा इंतजाम नहीं होने का आरोप

नगर पंचायत के स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे वाला कुआं लंबे समय से झाड़ियों से ढका हुआ है। आरोप है कि नगर पंचायत की ओर से वहां नियमित साफ-सफाई नहीं कराई जाती और न ही किसी तरह का चेतावनी संकेत या सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक नगर पंचायत क्षेत्र में ऐसे कई कुएं हैं, जहां अभी तक सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते खुले कुओं के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कर दी जाती तो इस तरह के हादसे को टाला जा सकता था।

माता-पिता की पहले ही हो चुकी है मौत, भाइयों का था सहारा

हादसे की सूचना मिलते ही आकाश के दो छोटे भाई सचिन और जुल्मी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों के मुताबिक आकाश के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है और वह अपने दोनों छोटे भाइयों का एकमात्र सहारा था।

बताया गया कि आकाश दिल्ली में मजदूरी करता था और उसी से होने वाली कमाई से दोनों छोटे भाइयों का भरण-पोषण चलता था। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

यह भी पढ़ेंः यूपी की 8,060 दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी ई-ट्राइसाइकिल, जानें कौन कर सकता है आवेदन

संबंधित समाचार