कानपुर : रक्षाबंधन पर कजलिया विसर्जन करने जा रही युवती बोरवेल में गिरी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Virendra Pandey
On

महाराजपुर, कानपुर : महाराजपुर थाना क्षेत्र के पुरवामीर गांव में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। रक्षाबंधन की तैयारी कर रही 18 वर्षीय युवती घर के आंगन में अचानक जमीन धंसने से बोरवेल के गड्ढे में समा गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, पुरवामीर गांव निवासी विनोद सविता की पुत्री यशी (18) सुबह करीब 7 बजे रक्षाबंधन की तैयारी में लगी थी। वह स्नान कर बाथरूम से बाहर निकली और कजलिया को तालाब में प्रवाहित करने जा रही थी। तभी आंगन में अचानक जमीन धंस गई और वह गहरे गड्ढे में गिर गई।

पिता विनोद सविता ने बताया कि करीब तीन साल पहले घर के आंगन में बोरवेल की बोरिंग कराई गई थी, लेकिन पानी न निकलने के कारण उसे बंद कर बाहर दूसरी बोरिंग कराई गई थी। समय के साथ अंदर की मिट्टी धंस गई और गुरुवार सुबह वही जगह अचानक धंस गई।

घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। गांव के सैकड़ों लोग भी मौके पर जुट गए। पुलिस और राहत टीम द्वारा जेसीबी की मदद से युवती को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

थाना प्रभारी ने बताया कि बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है और जल्द ही युवती को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।्र

यह भी पढ़ें :  छात्रा का हत्यारा शिकंजे में! जिम ट्रेनर इमरान का आधी रात को एनकाउंटर, पैरों में लगी गोली

संबंधित समाचार