अनोखी परंपरा : बुलेट बाबा मंदिर, जहां होती है बुलेट बाइक की पूजा

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

राजस्थान के पाली-जोधपुर मार्ग पर स्थित चोटिला गांव के पास बना ओम बन्ना धाम, जिसे आमतौर पर ‘बुलेट बाबा मंदिर’ कहा जाता है, अपनी अनोखी मान्यता के कारण देशभर में चर्चित है। यहां किसी देवी-देवता की प्रतिमा के बजाय एक रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल की पूजा की जाती है। स्थानीय लोगों का विश्वास है कि यह बाइक ओम सिंह राठौड़ यानी ओम बन्ना की है, जिनकी वर्ष 1988 में इसी मार्ग पर सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी।

किंवदंतियों के अनुसार है कि ओम बन्ना अपनी बुलेट से यात्रा कर रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक अनियंत्रित होकर एक पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाने में रख दिया। स्थानीय मान्यता के अनुसार अगले दिन बाइक रहस्यमय तरीके से थाने से गायब हो गई। काफी तलाश के बाद वह उसी स्थान पर मिली, जहां दुर्घटना हुई थी।

पुलिस ने बाइक को दोबारा थाने में रखवा दिया और उसकी सुरक्षा बढ़ा दी। किंवदंती है कि इसके बावजूद बाइक फिर थाने से गायब होकर दुर्घटनास्थल पर पहुंच गई। इस घटना ने आसपास के लोगों में कौतूहल पैदा कर दिया। धीरे-धीरे लोगों ने इसे ओम बन्ना की आत्मा और उनकी मौजूदगी से जोड़ना शुरू कर दिया। उनका विश्वास बन गया कि ओम बन्ना राहगीरों की रक्षा करते हैं और उन्हें सड़क दुर्घटनाओं से बचाते हैं।

समय के साथ दुर्घटनास्थल पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी और वहां एक धार्मिक स्थल विकसित हो गया। बाद में इसे ओम बन्ना धाम या बुलेट बाबा मंदिर के नाम से पहचान मिली। मंदिर में दुर्घटना से जुड़ी वही बुलेट श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है। श्रद्धालु बाइक पर फूल चढ़ाते हैं, तिलक लगाते हैं और सुरक्षित यात्रा की कामना करते हैं। जिस पेड़ से बाइक टकराई थी, उसे भी लोग श्रद्धा की दृष्टि से देखते हैं।

बुलेट बाबा मंदिर की खासियत यह है कि यहां आस्था का केंद्र एक मोटरसाइकिल है। पाली-जोधपुर मार्ग से गुजरने वाले अनेक वाहन चालक यहां कुछ देर रुककर प्रार्थना करते हैं। विशेष रूप से लंबी यात्रा पर निकलने वाले लोग सुरक्षित सफर के लिए आशीर्वाद लेते हैं। मंदिर की लोकप्रियता ने इसे राजस्थान के विशिष्ट लोकविश्वासों से जुड़े स्थलों में शामिल कर दिया है।

आज बुलेट बाबा मंदिर केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि राजस्थान की लोकसंस्कृति और अनूठी आस्था का प्रतीक बन चुका है। यहां पहुंचने वाले लोग ओम बन्ना को याद करते हैं, बाइक के सामने सिर झुकाते हैं और अपनी यात्रा के सकुशल पूरा होने की प्रार्थना करते हैं। यही वजह है कि एक सड़क हादसे से शुरू हुई यह कहानी आज भी लोगों के बीच श्रद्धा, विश्वास और रहस्य के रूप में जीवित है।