Moradabad News : लास वेगास के एएसडी मार्केट वीक में चमका भारतीय हस्तशिल्प, EPCH ने किया भव्य प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

ईपीसीएच ने एएसडी मार्केट वीक लास वेगास में भारतीय हस्तशिल्प एवं शिल्प कौशल का किया प्रदर्शन

अमेरिका के लास वेगास में आयोजित एएसडी मार्केट वीक में ईपीसीएच ने भारतीय हस्तशिल्प और शिल्प कौशल का शानदार प्रदर्शन किया है।

मुरादाबाद, अमृत विचार। अमेरिका के लास वेगास में एएसडी मार्केट वीक का आयोजन किया गया है। तीन दिवसीय आयोजन में 19 से अधिक उत्पाद श्रेणियों को एक ही मंच पर कर रिटेलर्स, डिस्ट्रीब्यूटर्स, आयातकों और व्यापार खरीदारों के लिए सोर्सिंग प्लेटफॉर्म प्रदान किया गया है। हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के विकास आयुक्त (हस्तशिल्प) कार्यालय के सहयोग से फैशन, लाइफस्टाइल और एक्सेसरीज उत्पादों की श्रृंखला प्रदर्शित कर रही है।

इंडिया पवेलियन का उद्घाटन कौंसल एचओसी एवं कम्युनिटी अफेयर्स भारत के महावाणिज्य दूतावास, लॉस एंजिल्स अमेरिका कुलवंत सिंह ने किया। उन्होंने ईपीसीएच इंडिया पवेलियन का दौरा किया। निर्यातकों और मास्टर शिल्पकारों से बातचीत की। भारतीय उत्पादों की विविधता के साथ-साथ भारत की समृद्ध शिल्प परंपराओं और कौशल को दर्शाने वाले लाइव प्रदर्शनों की सराहना की।

ईपीसीएच के अध्यक्ष डॉ. नीरज खन्ना ने कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका भारतीय हस्तशिल्प, होम, लाइफस्टाइल और गिफ्ट उत्पादों के लिए सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में से एक है। एएसडी मार्केट वीक जैसे मंच इस बाजार में खरीदारों, रिटेलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ हमारे संबंधों को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। भारतीय हस्तशिल्प को रचनात्मकता, शिल्प कौशल, स्थिरता और आधुनिक डिजाइन की आवश्यकताओं के अनुरूप ढलने की क्षमता के कारण विशेष बढ़त प्राप्त है।

ईपीसीएच के कार्यकारी निदेशक राजेश रावत ने कहा कि एएसडी मार्केट वीक रिटेलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स से लेकर आयातकों, ई-कॉमर्स व्यवसायों और विशेष स्टोर्स तक विभिन्न प्रकार के खरीदारों को एक मंच पर लाता है। इसलिए यह अमेरिकी बाजार में अपनी उपस्थिति बढ़ाने के इच्छुक भारतीय हस्तशिल्प निर्यातकों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है। मेले में मूल्य निर्धारण, ऑर्डर की मात्रा, उत्पाद अनुकूलन, पैकेजिंग और डिलीवरी से संबंधित खरीदारों की आवश्यकताओं को समझने में मदद मिली है। उन्होंने बताया कि हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) देश से हस्तशिल्प निर्यात को बढ़ावा देने वाली नोडल संस्था है।

ये भी पढ़ें - अमरोहा में बेटी की मौत के सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम, तीन घंटे में उजड़ गया परिवार, परिजनों में कोहराम

संबंधित समाचार