Moradabad News : रोडवेज बस स्टैंड पर उमड़ी महिलाओं और सहयात्रियों की भीड़

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

महिलाओं ने रक्षाबंधन पर तीन दिन की मुफ्त बस सेवा को सराहा, सफर करने आईं मुस्लिम महिलाओं ने भी सरकार की प्रशंसा की

रक्षाबंधन पर यूपी रोडवेज की 3 दिन की फ्री बस सेवा का लाभ उठाने के लिए मुरादाबाद बस स्टैंड पर महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ी।

मुरादाबाद, अमृत विचार। रक्षाबंधन पर राखी बांधने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं सहयात्रियों के साथ सुबह से ही मुरादाबाद और पीतल नगरी डिपो पर पहुंचने लगीं। शहर के दोनों ही बस स्टैंड पर महिलाओं और सहयात्रियों की भारी भीड़ रही। बसों में चढ़ने के लिए कई बार धक्का-मुक्की के भी हालात बन गए। रक्षाबंधन पर तीन दिन तक सरकारी बसों में मुफ़्त यात्रा की सुविधा सरकार के द्वारा देने पर इसकी सराहना महिला यात्रियों ने की।

रक्षाबंधन पर राखी बांधने जाने के लिए सुबह से ही मुरादाबाद व पीतल नगरी डिपो पर महिलाओं की लंबी कतारें लगी रहीं। वह महिलाएं जो भाई के घर जाने के लिए जल्द टिकट हासिल करना चाह रही थीं उन्होंने फ्री बस सेवा सुविधा की तारीफ की। डिपो में तैनात परिचालकों ने बताया कि आज सामान्य दिनों की तुलना में महिला यात्रियों की संख्या में बढ़ी है। यात्रा करने आईं महिलाओं ने बताया कि फ्री के साथ ही बस सेवा सुरक्षित व समय से चल रही हैं।

निर्मला देवी ने बताया कि पहले भाई के घर जाने में खर्च और सुरक्षा की चिंता रहती थी, लेकिन इस योजना से चिंता कम हो गई है। मध्यम और कमजोर वर्ग की महिलाएं भी आसानी से त्योहार पर अपने भाई के घर राखी बांधने के लिए पहुंच पा रही हैं। सेवा प्रबंधक अनुराग यादव ने बताया कि सुबह के समय कुछ रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाई गई है। महिलाओं के लिए अलग कतारों और आवश्यक निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त स्टाफ तैनात किया गया है।

महिलाओं से बातचीत
सरकार की यह योजना मध्यम और कमजोर वर्ग की महिलाओं के लिए काफी मददगार साबित हो रही है। रक्षाबंधन पर अपने भाई के घर जाने में आर्थिक परेशानी से नहीं जूझना पड़ रहा है। -प्रिया जोशी

पिछले कई वर्षों से चलाई गई सरकार की इस योजना से रक्षा बंधन पर अपने भाई के घर जाने में पैसों के लिए सोचना नहीं पड़ता है। हर बार बहनें आसानी से भाई के घर पहुंच जाती हैं। -सीमा सिंह

हिंदू बहनों के साथ ही रक्षाबंधन पर फ्री यात्रा सुविधा का लाभ मुस्लिम बहनों को भी मिल रहा है। सरकार की रक्षा बंधन पर मुफ्त सफर की सुविधा बहुत महत्वपूर्ण है। -गुलिस्ता परवीन, मुरादाबाद

महिलाओं के साथ एक सहयात्री को भी मुफ्त सफर की सुविधा देकर सरकार ने काफी मदद की है। महिला के साथ देखभाल के लिए एक व्यक्ति का फ्री टिकट करने से सफर सुरक्षित रहेगा। -मनीषा सिंह, बरेली

ये भी पढ़ें - Bareilly News : रक्षाबंधन पर जेलों में उमड़ी बहनों की भीड़, भाइयों को राखी बांधते वक्त छलक पड़े आंसू

संबंधित समाचार