Shamli News : हरियाणी सिंगर अंकित बालियान को मारी नौ गोलियां, पोस्टमार्टम के दौरान शरीर में फंसी मिलीं चार गोलियां 

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

गोगी गैंग के बाद अब इस हरियाणी सिंगर ने ली अंकित बालियान की हत्या कराने की जिम्मेदारी

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या। गोगी गैंग के बाद सिंगर भूपेंद्र ढींगरा ने ली जिम्मेदारी।

शामली, अमृत विचार। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड ने पश्चिमी यूपी को झकझोर डाला है। शामली में चार हमलावरों ने दिन-दहाड़े अंकित बालियान पर करीब 22 राउंड गोलियां चलाईं। अंकित को नौ गोलियां लगीं। दो गोलियां उनके सिर को चीरकर निकल गईं। पूरा जिस्म छलनी कर डाला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखने वाले हिल गए। शामली पुलिस के साथ यूपी एसटीएफ हमलावरों की तलाश में जुटी है। 

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े गोगी गैंग के बाद अब एक हरियाणवी सिंगर भूपेंद्र ढींगरा ने भी कथित रूप से अंकित बालियान की हत्या कराने का दावा किया है। सिंगर भूपेंद्र ढींगरा ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि अंकित ने उसे गाली दी थी। इसी कारण उसने हत्या कराई है। इससे पहले गोगी गैंग के सरगना भोलू शहपुरिया ने बालियान की हत्या कराने का दावा किया था। यूपी पुलिस इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी है। शामली से लेकर हरियाणा तक अंकित बालियान के प्रशंसक आक्रोशित और गमगीन है। परिवार गम और गुस्से में है।  
 
अंकित बालियान यूपी के शामली जनपद के रहने वाले थे। वह गन कल्चर पर अपने गोनों को लेकर लोकप्रिय हुए थे। उनका एक गाना "भरी कोर्ट में गोली मारेंगे मेरी जान" युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय था। बुधवार की शाम शामली के नाला पटरी मार्ग पर जिम से बाहर निकलते समय बदमाशों ने अंकित की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें अंकित जिम से बाहर निकलकर अपनी गाड़ी में बैठ रहे हैं। इसी दौरान हमलावर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगे हैं। अंकित की मौके पर ही मौत हो जाती है। 

अंकित के पिता ने कहा कि उनके बेटे की किसी भी गैंग से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने इस हत्याकांड में किसी हरियाणी सिंगर का हाथ होने की आशंका जताते हुए यूपी सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक अंकित के शरीर में पांच गोलियां फंसी थीं। चार गोलियां बाहर निकल गई थीं। गुरुवार को पीएम के बाद जब अंकित का शव उनके घर पहुंचा, तो भारी भीड़ जुटी थी। बंतीखेड़ा गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद से क्षेत्र के जन-प्रतिनिधियों से लेकर आम लोगों का उनके घर पहुंचना जारी है। 

शामली के एसपी एनपी सिंह ने कहा कि हत्याकांड के खुलासे के लिए आठ टीमें गठित की गई हैं।आसपास के जिलों की पुलिस से भी सहयोग लिया जा रहा है। एसपी ने जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार करने की बात कही है। यूपी पुलिस ने इस घटना के खुलासे के लिए एसटीएफ भी लगा दी है। 

गोगी गैंग के भोलू शहपुरिया के दावे पर पुलिस उसी गैंग से जुड़े हमलावारों की तलाश में थी। इसी बीच गुरुवार को हरियाणी सिंगर भूपेंद्र ढींगरा का एक कथित वीडियो सामने आया है। जिसमें वह दावा कर रहा है कि अंकित बालियान की हत्या उसी ने कराई है, क्योंकि अंकित ने उसे गाली दी थी। यह वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है। बहरहाल, पुलिस दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें - नेपाल त्रासदी के बीच चीन में जोरदार भूकंप: भारत में भी कांप उठी धरती

संबंधित समाचार