मुरादाबाद रेल मंडल में मनाया गया 'संरक्षाबंधन', यात्रियों को किया सुरक्षा के प्रति जागरूक
यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता के लिए स्टेशनों पर हुए कार्यक्रम
मुरादाबाद रेल मंडल ने रक्षाबंधन के अवसर पर 'संरक्षाबंधन' विशेष अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत मुरादाबाद, देहरादून सहित अन्य स्टेशनों पर सेल्फी बूथ और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित रेल यात्रा और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
मुरादाबाद, अमृत विचार। रक्षाबंधन के पर्व के उपलक्ष्य में मुरादाबाद रेल मंडल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा एवं सुविधा के लिए संरक्षाबंधन के रूप में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। गुरुवार को मुरादाबाद, देहरादून, हरिद्वार, शाहजहांपुर, हरदोई एवं हापुड़ स्टेशनों पर यात्रियों को सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति जागरूक किया गया।
मुरादाबाद स्टेशन पर संरक्षाबंधन सेल्फी बूथ का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव की मौजूदगी में छोटी बच्ची ने फीता काट कर किया। सेल्फी बूथ में प्रदर्शित ट्रेन मैनेजर के कटआउट को राखी बांधकर संरक्षाबंधन सेल्फी बूथ का शुभारंभ किया।
वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी राजीव गुप्ता ने मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव को पौधे का गमला भेंट किया। अधिकारियों ने बताया कि सेल्फी बूथ के माध्यम से यात्रियों को रक्षाबंधन के साथ सुरक्षित रेल यात्रा का संदेश दिया जा रहा है। एक राखी, एक वचन विषय पर स्काउट्स एवं गाइड्स की टीम ने रेलवे स्टेशन पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से यात्रियों को रेल यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं संरक्षा संबंधी सावधानियों, रेलवे परिसर में सतर्कता बरतने, निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा किसी भी असुरक्षित गतिविधि से बचने के प्रति जागरूक किया गया।
ये भी पढ़ें - Moradabad News : लास वेगास के एएसडी मार्केट वीक में चमका भारतीय हस्तशिल्प, EPCH ने किया भव्य प्रदर्शन
