रक्षाबंधन पर उमड़ी भीड़, बसों से लेकर ट्रेनों तक रही मारामारी
मेमू ट्रेन डेढ़ घंटे देरी से पहुंची, बहनों को यात्रा में हुई परेशानी
औरैया, अमृत विचार: रक्षाबंधन पर्व पर शुक्रवार को बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए घरों से निकलीं। त्योहार के चलते रोडवेज बसों और ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली।
अछल्दा रेलवे स्टेशन पर टूंडला-कानपुर मेमू ट्रेन में भी काफी संख्या में यात्री सवार होने के लिए पहुंचे। भीड़ अधिक होने के कारण महिलाओं और बहनों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने के दौरान काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ट्रेन के इंतजार में स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ लगी रही। टूंडला-कानपुर मेमू करीब डेढ़ घंटे की देरी से अछल्दा स्टेशन पहुंची। ट्रेन के पहुंचते ही यात्रियों में सीट और जगह पाने के लिए आपाधापी की स्थिति बन गई। कई यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा। त्योहार के कारण ट्रेनों में सामान्य दिनों की अपेक्षा यात्रियों की संख्या काफी अधिक रही।
वहीं रोडवेज बसों में भी यात्रियों की भीड़ रही। बस अड्डों पर बहनें और अन्य यात्री बसों के इंतजार में खड़े नजर आए। कई बसों में क्षमता से अधिक यात्री दिखाई दिए। दूसरी ओर रक्षाबंधन पर बाजार और मुख्य मार्गों पर भी वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम की स्थिति बनी रही। बाइक सवार और चार पहिया वाहन चालक कई स्थानों पर जाम में फंसे नजर आए। त्योहार के चलते यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए पुलिसकर्मी भी जगह-जगह तैनात रहे।
यह भी पढ़ें : हाथ नहीं तो क्या हुआ, पैरों से भाई को बांधी राखी, भाई-बहन का भावुक करने वाला वीडियो वायरल
