Rampur News : शाहजहांपुर के रहने वाले सिपाही का रामपुर में फंदे पर लटका मिला शव 

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

एसपी ऑफिस में तैनात थे अरुण शुक्ला, दोपहर में लंच करने कमरे पर गए थे

रामपुर एसपी ऑफिस में तैनात शाहजहांपुर निवासी सिपाही अरुण शुक्ला का शव उनके कमरे में फंदे पर लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

रामपुर, अमृत विचार। शाहजहांपुर के रहने वाले यूपी पुलिस के एक हेड कांस्टेबल अरुण शुक्ला का शव गुरुवार को उनके कमरे में फंदे पर लटका मिला। अरुण शुक्ला एसपी ऑफिस में बड़ी पेशी पर तैनात थे। सिविल लाइंस की गंगापुर आवास विकास कॉलोनी में किराये पर रहते थे। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अनिल सिसौदिया और एएसपी अनुराग सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। 

अरुण शुक्ला मूलरूप से शाहजहांपुर जनपद के बंडा क्षेत्र के नारायणपुर गांव के रहने वाले थे। वर्ष 2005 में बदायूं से पुलिस में भर्ती हुए थे। अभी उनका परिवार बरेली में शिफ्ट हो गया। मां और भाई बरेली में रहते थे। एक साल पहले ही अरुण बरेली से ट्रांसफर होकर रामपुर पहुंचे थे। यहां वह एसपी ऑफिस में तैनात थे। 

पुलिस के मुताबिक गुरुवार को अरुण शुक्ला ड्यूटी पर थे। करीब तीन बजे खाना खाने के लिए निकले थे। लेकिन शाम तक नहीं लौटे। इस बीच घरवालों ने अरुण को फोन किया। कई बार फोन करने पर जब कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने अरुण के साथी सिपाही नितिन से संपर्क किया। नितिन ने गंगापुर स्थित उनके कमरे पर जाकर देखा तो अरुण का शव फंदे पर लटका था। उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। 

एसपी के पहुंचते ही लगी भीड़ 
आवास विकास में सिपाही की मौत की खबर लगते ही भारी भीड़ जमा हो गई। एसपी अनिल सिसौदिया और एएसपी पहुंचे। घटनास्थल पर जांच की गई। अरुण का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। अधिकारियों ने अरुण के साथी सिपाहियों से भी बातचीत की। 

पत्नी से तलाक का विवाद 
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि अरुण शुक्ला का उनकी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। फैमिली कोर्ट से तलाक के बाद उनकी पत्नी हाईकोर्ट पहुंच गईं। अरुण का एक बेटा भी है जो पत्नी के पास है। अरुण कोर्ट के आदेश पर अपनी पत्नी को 25 हजार रुपये महीना गुजारा भत्ता दे रहे थे। 

रक्षाबंधन से पहले बेटे की मौत 
अरुण शुक्ला की मौत की खबर लगते ही घरवाले रामपुर के लिए रवाना हो गए। रक्षाबंधन पर जहां बहनें भाई को राखी बांधने का इंतजार कर रही थीं। वहां मौत की खबर आ गई। उधर, पति की मौत की सूचना पर पत्नी भी रामपुर पहुंच गई।

ये भी पढ़ें - Bareilly News : रक्षाबंधन पर जेलों में उमड़ी बहनों की भीड़, भाइयों को राखी बांधते वक्त छलक पड़े आंसू

संबंधित समाचार