UP में पान मसाला-गुटखा नेटवर्क पर DGGI का शिकंजा, 185 करोड़ की कर चोरी का आकलन

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

चित्रकूट-बांदा में आधी रात DGGI की बड़ी कार्रवाई, 27 अनधिकृत पैकिंग मशीनें और 15.50 लाख से ज्यादा तैयार पाउच बरामद

डिजिटल डेस्क लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पान मसाला, सुगंधित जर्दा और गुटखा कारोबार से जुड़े बड़े टैक्स चोरी नेटवर्क का डीजीजीआई (DGGI) की लखनऊ क्षेत्रीय इकाई ने खुलासा किया है। चित्रकूट और बांदा में की गई कार्रवाई की गई। इस दौरान जांच टीम को बड़ी संख्या में तैयार पाउच, भारी मात्रा में कच्चा माल और उत्पादन में इस्तेमाल होने वाली मशीनें मिलीं। आपको बता दें कि शुरुआती जांच के आधार पर करीब 185 करोड़ रुपये की टैक्स और सैस चोरी का आकलन किया गया है।

कार्रवाई के बाद इस नेटवर्क से जुड़े कारोबारियों के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों में सामने आए समान मामलों की जांच भी तेज होने की संभावना है।

आधी रात छह ठिकानों पर एक साथ पहुंची DGGI टीम

डीजीजीआई की टीम ने आधी रात चित्रकूट और बांदा स्थित छह परिसरों में एक साथ तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान अधिकारियों को 27 पाउच पैकिंग मशीनें मिलीं, जिनका ऑफीशियरल रिकॉर्ड में उल्लेख नहीं था।

बरामद मशीनों में सुगंधित जर्दा तैयार करने वाली छह, पान मसाला की नौ और दोहरा या देसी गुटखा बनाने वाली 12 मशीनें शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों फर्मों में से एक उत्पादन से जुड़ी थी, जबकि दूसरी फर्म कारोबार और आपूर्ति संबंधी गतिविधियों में लगी थी।

15.50 लाख से ज्यादा तैयार पाउच बरामद

तलाशी के दौरान जांच टीम ने 15,50,922 तैयार पाउच बरामद किए। इसके अलावा बड़ी मात्रा में कच्चा माल भी मिला। इसमें 32.9 टन सुपारी, 2.8 टन तंबाकू, 8.4 टन पैकिंग सामग्री और 470 किलो कत्था पाउडर शामिल है।

अधिकारियों को 850 किलो ग्लिसरीन, 545 किलो एसेंस और 256 किलो बिना पैक किया हुआ पान मसाला भी मिला। परिसरों में मिश्रण तैयार करने, सुपारी क्रश करने और उसे सुखाने के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीनें भी बरामद की गईं।

बिना टैक्स चुकाए बाजार में भेजने का आरोप

जांच एजेंसी के मुताबिक, तैयार पान मसाला, सुगंधित जर्दा और गुटखा उत्पादों को GST, HSN उपकर और केंद्रीय उत्पाद शुल्क का भुगतान किए बिना ही बाजार में भेजे जाने का आरोप है। इसी आधार पर शुरुआती जांच में करीब 185 करोड़ रुपये की टैक्स और सेस चोरी का आकलन किया गया है।

कार्रवाई के बाद निर्माण फर्म के मालिक को गिरफ्तार किया गया। अदालत के आदेश के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अब जांच एजेंसी दस्तावेजों, लेनदेन और कारोबार से जुड़े अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।

देशभर में 27 मामलों में 668 करोड़ की टैक्स चोरी

डीजीजीआई के अनुसार, पान मसाला और तंबाकू क्षेत्र में क्षमता आधारित उपकर व्यवस्था 1 फरवरी 2026 से लागू है। एजेंसी ने बताया कि देशभर में इस सेक्टर से जुड़े 27 मामलों में करीब 668 करोड़ रुपये की कर चोरी का पता लगाया गया है।

इन मामलों में अब तक 17 लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। चित्रकूट और बांदा की कार्रवाई को भी इसी व्यापक जांच अभियान का हिस्सा माना जा रहा है। एजेंसी का फोकस कथित अवैध उत्पादन और कर चोरी से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर उस पर कार्रवाई करने पर है।

यह भी पढ़ेंः Sambhal Violence : संभल हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा पर शिकंजा, दुबई में छिपे गैंगस्टर के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी

संबंधित समाचार