Shahjahanpur News :शाहजहांपुर में सांड से टकराई बाइक, होमगार्ड की मौत, साथी की हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Ateeq Khan
On

राजकीय मेडिकल कॉलेज में ड्यूटी करने जा रहे थे दोनों होमगार्ड 

छुट्टा पशुओं के कारण लगातार दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। शाहजहांपुर ही नहीं बल्कि पूरे रुहेलखंड परिक्षेत्र में यह समस्या बनी है। शुक्रवार को शाहजहांपुर में छुट्टा जानवरों के कारण दो हादसे हुए। एक एंबुलेंस पलट गई। दूसरी घटना में होमगार्ड की मौत हुई है।

अमृत विचार : शाहजहांपुर में छुट्टा पशुओं के कारण हाईवे पर हादसे बढ़ने लगे हैं। गंगा एक्सप्रेस-वे पर पशुओं को बचाने के चक्कर में शुक्रवार को एक एंबुलेंस पलटी थी। इस घटना के बाद एक और हादसा सामने आया है। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर दो बाइक सवार होमगार्ड्स की बाइक सांड से टकरा गई। इस हादसे में सुशील कुमार नाम के एक होमगार्ड की मौत हो गई, जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। 

हेतमपुर गांव के सुशील कुमार और बल्लिया गांव के राजीव होमगार्ड हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में उनकी ड्यूटी लगी थी। शुक्रवार देर रात दोनों ड्यूटी पर जा रहे थे। हाईवे पर आईटीआई के पास घूम रहा सांड अचानक बाइक के सामने आ गया। बाइक सवार दोनों होमगार्ड गिर गए। आनन-फानन में राहगीरों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने सुशील कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि राजवीर की हालत गंभीर है। 

एक्सीडेंट की सूचना मिलते ही घरवाले भी अस्पताल पहुंच गए। सुशील की मौत पर परिजन बिलख रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। 

एक्सप्रेस-वे पर पलटी एंबुलेंस 


शुक्रवार को ही गंगा एक्सप्रेस-वे पर पशुओं को बचाने के चक्कर में एक एंबुलेंस पलट गई थी। गढ़िया रंगीन क्षेत्र के रामपुर गांव के पास घटना घटी। हादसे में एंबुलेंस चालक घायल हो गया था। 

छुट्टा पशुओं को रोकना मुश्किल 

एक्सप्रेस वे पर छुट्टा पशुओं को रोकना मुश्किल है, क्योंकि एक्सप्रेसवे कुछ जगह पर सर्विस रोड के बराबर ऊंचा है, जिससे छुट्टा पशु चढ़कर एक्सप्रेसवे पर अचानक वाहनों के सामने आ जाते हैं और दुर्घटना हो जाती है।

 

संबंधित समाचार