7.8% की रफ्तार से दौड़ी भारतीय अर्थव्यवस्था, PM मोदी बोले- दुनिया संकट में, फिर भी भारत ने दिखाई ताकत

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आर्थिक विकास दर को देशवासियों की मेहनत, संकल्प और सामूहिक सामर्थ्य का नतीजा बताया; आत्मनिर्भर भारत और ‘वोकल फॉर लोकल’ पर दिया जोर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की 7.8 प्रतिशत आर्थिक विकास दर को देश के लिए खुशी और गर्व का विषय बताया है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय देशवासियों की मेहनत, सामूहिक सामर्थ्य और मजबूत संकल्प शक्ति को दिया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बीच भारत की यह आर्थिक प्रगति बेहद महत्वपूर्ण है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया के कई हिस्से इस समय संघर्ष और संकट से गुजर रहे हैं। अलग-अलग क्षेत्रों से युद्ध की खबरें सामने आ रही हैं और वैश्विक स्तर पर कई चुनौतियां बनी हुई हैं। इन परिस्थितियों के कारण सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के बाद से वैश्विक स्तर पर स्थिरता पूरी तरह कायम नहीं हो सकी है, इसके बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।

7.8% विकास दर को बताया खुशी और गर्व की बात

पीएम मोदी ने कहा कि भारत की 7.8 प्रतिशत विकास दर देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने देशवासियों की मेहनत और संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि दुनिया में जारी चुनौतियों के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था का यह प्रदर्शन देश की क्षमता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि युद्ध, वैश्विक संकट और सप्लाई चेन में व्यवधान जैसी परिस्थितियों के बावजूद भारत ने विकास की गति बनाए रखी है। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से इस रफ्तार को बरकरार रखने और आगे भी विकास की गति तेज करने का आह्वान किया।

विपक्ष पर भी साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के भीतर कुछ लोग निराशा फैलाने का काम कर रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि इन तमाम चुनौतियों को पीछे छोड़कर भारत ने 7.8 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर हासिल की है।

उन्होंने कहा कि अब जरूरत इस गति को बनाए रखने के साथ भारत को और आगे ले जाने की है। इसके लिए प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत को महत्वपूर्ण बताया।

https://www.instagram.com/reel/Dcusqf4J5Nc/?utm_source=ig_web_button_share_sheet

‘वोकल फॉर लोकल’ को आगे बढ़ाने की अपील

पीएम मोदी ने देशवासियों से स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने विदेशों में शादी करने जैसी प्रवृत्तियों से बचने की बात कही।

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि यदि आवश्यकता न हो तो सोना खरीदने से बचना चाहिए। उनका जोर इस बात पर रहा कि देश जितना अधिक स्वदेशी और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ेगा, उसकी अर्थव्यवस्था और ताकत उतनी ही मजबूत होगी।

‘विकसित भारत’ के संकल्प पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक देश अपनी युवा पीढ़ी को विकसित भारत सौंपने में सफल होगा। उन्होंने देशवासियों से विकास की इस यात्रा में पूरी ताकत से योगदान देने का आह्वान किया।

पीएम मोदी ने कहा कि देश की नीतियां सही दिशा में हैं और सरकार की नीयत साफ है। उन्होंने 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक शक्ति को भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाली सबसे बड़ी ताकत बताया और सभी से विकास के संकल्प को पूरा करने में योगदान देने की अपील की।

संबंधित समाचार