17 सितंबर से घर-घर पहुंचेगी BJP, ‘सेवा संकल्प अभियान’ में 25 सेवा कार्यों पर फोकस; जानिए पूरी रणनीति

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, स्मृति ईरानी ने 13 कार्यक्रमों की रूपरेखा बताई; ‘अधिकतम पहुंच, अधिकतम सहभागिता, अधिकतम सेवा’ होगा मूल मंत्र

लखनऊ, अमृत विचार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को बूथ से लेकर घर-घर तक पहुंचाने की भाजपा ने विस्तृत रणनीति तैयार की है। अभियान का उद्देश्य अधिकतम पहुंच, अधिकतम सहभागिता और अधिकतम सेवा है। इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मंडल, शक्तिकेंद्र और बूथ स्तर पर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। आगामी दिनों में जिला स्तर पर भी कार्यशालाएं आयोजित होंगी।

सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में हुई प्रदेश स्तरीय कार्यशाला में राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी ने अभियान के तहत 13 प्रकार के कार्यक्रमों की रूपरेखा पदाधिकारियों के सामने रखी और कार्यकर्ताओं से इसे जनभागीदारी का व्यापक उत्सव बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संदेश को हर बूथ और हर घर तक पहुंचाने का अभियान है। अभियान के पहले प्रमुख कार्यक्रम ‘आशीर्वाद का दिया’ के जरिए कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचेंगे। लक्ष्य है कि अधिक से अधिक लाभार्थियों के घर पहुंचकर अभियान को जनभागीदारी से जोड़ा जाए। इसके साथ ही सरकारी और निजी कॉलेजों में प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा कार्य और विकसित भारत की संकल्पना पर ड्राइंग व भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। कॉलेज स्तर पर तैयार चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत दो अक्टूबर को प्रदेश के प्रमुख स्थानों पर नुक्कड़ नाटक होंगे।

प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने प्रत्येक जिले में 18 से 20 नुक्कड़ नाटक कराने की योजना बताई। वहीं ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं और बच्चों की माताओं को आमंत्रित कर सम्मान समारोह होंगे। ‘25 वर्षों के 25 सेवा कार्य’ के तहत प्रत्येक कार्यकर्ता एक सेवा कार्य चुनेगा, जिसका चयन विधानसभा स्तर पर किया जाएगा। वहीं ‘सेवा सेतु’ के तहत शिविर लगाकर सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को लाभ दिलाया जाएगा। इनोवेशन चैलेंज और पंचायत प्रतिनिधि सम्मेलन के जरिए भी जनसंपर्क और जनसंवाद को आगे बढ़ाया जाएगा।

सक्सेस स्टोरी की रील से बताएंगे योजनाओं का असर

अभियान के प्रमुख कार्यक्रमों में ‘सक्सेस स्टोरी’ भी शामिल है। इसके तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों से संवाद कर उनके जीवन में आए बदलाव की कहानी रील के माध्यम से सामने लाई जाएगी। केंद्र और प्रदेश सरकार के विकास कार्यों को इन्फ्लुएंसर्स के जरिए व्यापक स्तर पर पहुंचाने की भी रणनीति है।

जिला और गांव स्तर पर निकाली जाएगी‘सेवा ज्योति यात्रा’

‘सेवा ज्योति यात्रा’ जिला और गांव स्तर पर निकाली जाएगी। रथ पर ज्योति रखकर यात्रा के साथ लोग चलेंगे और समापन स्थल पर कार्यक्रम होगा। यात्रा के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की सेवा के प्रति आभार और 2047 के विकसित भारत का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा। इसके अलावा बडनगर और वाराणसी से 250-250 बाइक के साथ यात्राएं प्रस्तावित हैं। बडनगर से जल लेकर काशी में बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक और काशी से गंगाजल लेकर बडनगर के शिव मंदिर में जलाभिषेक किया जाएगा। यात्रा के साथ एलईडी वाहन और विभिन्न स्थानों पर जनसंवाद कार्यक्रम भी होंगे।

अभियान की प्रमुख कड़ियां

• 17 सितंबर–17 अक्टूबर : सेवा संकल्प अभियान

• आशीर्वाद का दिया : लाभार्थियों के घर तक संपर्क
• ड्राइंग व भाषण प्रतियोगिता : कॉलेजों में आयोजन

• नमो सेवा गाथा : दो अक्टूबर को नुक्कड़ नाटक
• 18-20 नुक्कड़ नाटक : प्रत्येक जिले में लक्ष्य

• आंगन का उत्सव : आंगनबाड़ी केंद्रों पर सम्मान
• सक्सेस स्टोरी : लाभार्थियों की रील

• सेवा ज्योति यात्रा : सेवा से विकसित भारत तक संकल्प
• 25 सेवा कार्य : हर कार्यकर्ता एक सेवा कार्य चुनेगा

• सेवा सेतु : पात्रों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए शिविर
• इनोवेशन चैलेंज व पंचायत सम्मेलन : जनसंपर्क और जनसंवाद

यह भी पढ़ेंः 1 सितंबर से बदल गया आपका बजट! LPG से दूध और कारों तक महंगाई की मार, हवाई सफर के नियम भी बदले

संबंधित समाचार