Bareilly News : फुटपाथ पहले से घिरे, अब डिवाइडर भी बने दुकानों का हिस्सा
कुतुबखाना रोड पर सड़क तक सजा रहे सामान, निगरानी के अभाव में कार्रवाई बेअसर
बरेली के कुतुबखाना और जिला अस्पताल रोड पर अतिक्रमण के चलते फुटपाथ और डिवाइडर दुकानों में तब्दील हो गए हैं, जिससे भीषण जाम लग रहा है।
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी में फुटपाथ और डिवाइडर अतिक्रमण की भेंट चढ़ गए हैं। दुकानदारों ने फुटपाथ घेरने के बाद कम ऊंचाई वाले डिवाइडरों को भी सामान सजाने और बेचने की जगह बना लिया है। कुतुबखाना से जिला अस्पताल रोड तक दिनभर जाम की स्थिति रहती है। सोमवार को इंदिरा मार्केट से कुतुबखाना तक लोगों को निकलने के लिए जगह तलाशनी पड़ी।
कुतुबखाना की ओर जाने वाली सड़क पर चौपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक भी बेअसर नजर आई। सोमवार को सड़क पर दर्जनों वाहन खड़े मिले। बाजार में जगह-जगह फड़ और खोमचे लगे हैं। रेडीमेड कपड़ों से लेकर घरों की सजावट का सामान सड़क और डिवाइडरों तक फैला हुआ है। कई जगह दुकानों के बराबर ही बाहर सामान सजा है। इससे सड़क की चौड़ाई कम होने के साथ वाहनों की रफ्तार भी थम रही है।
फुटपाथ बंद होने से पैदल राहगीरों को सड़क पर चलना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी चौराहों और मोड़ों पर हो रही है, जहां डिवाइडर पर सामान रखे जाने से जगह और कम बचती है। जाम में एंबुलेंस के फंसने से मरीजों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम अभियान चलाता है, लेकिन कुछ दिन बाद फिर अतिक्रमण हो जाता है। कुमार टाकीज से कुतुबखाना तक डिवाइडरों पर कब्जे ने समस्या और बढ़ा दी है। लोगों ने नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बाजार की रौनक पर अतिक्रमण का ग्रहण
जिला अस्पताल रोड का कुतुबखाना और इंदिरा मार्केट क्षेत्र शहर के प्रमुख खरीदारी इलाकों में शामिल है, लेकिन अतिक्रमण ने यहां की व्यवस्था बिगाड़ दी है। सड़क किनारे सामान, फड़ और खोमचों की कतार के बीच ग्राहक और वाहन एक ही जगह से गुजरते हैं। इससे बाजार में अव्यवस्था बनी रहती है।
अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। दोबारा कब्जा करने वालों पर सख्ती होगी। फुटपाथ और डिवाइडर खाली कराकर यातायात व्यवस्था सुचारू कराई जाएगी। -संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त।
ये भी पढ़ें - Bareilly News : दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर युवक से ऐंठे 2 लाख, और रकम मांगने पर आरोपी युवती गिरफ्तार
