14 हजार फीट पर IndiGo फ्लाइट के इंजन में आई खराबी, मचा हड़कंप... ATC ने घोषित की फुल इमरजेंसी

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

गोवा से दिल्ली जा रही फ्लाइट 6E 2102 को वापस मोड़ा गया, मोपा एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग; दिल्ली की उड़ान का समय बदला

पणजीः दिल्ली जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट के एक इंजन में मंगलवार सुबह अचानक खराबी आ गई। तकनीकी खराबी सामने आने के बाद विमान को वापस गोवा लौटना पड़ा। इसके बाद विमान की मनोहर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर आपात स्थिति में सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान में कुल 229 यात्री सवार थे।

एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर गोवा के मोपा स्थित मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से विमान ने सुबह करीब 9 बजकर 20 मिनट पर उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद एक इंजन में खराबी की बात सामने आई, जिसके बाद विमान को वापस गोवा लाने का फैसला किया गया।

इंजन में खराबी के बाद वापस लौटा विमान

अधिकारी के मुताबिक, दिल्ली के लिए रवाना हुए विमान के एक इंजन में तकनीकी समस्या आने के बाद उसे वापस मोपा एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया। विमान ने एयरपोर्ट पर सुरक्षित आपात लैंडिंग की।

घटना के दौरान विमान में मौजूद सभी 229 यात्रियों को सुरक्षित रखा गया। अधिकारियों ने बताया कि विमान के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।

दूसरे विमान से दिल्ली भेजे जाएंगे यात्री

अधिकारी ने बताया कि विमान में सवार यात्रियों को दोपहर में दूसरे विमान के जरिए दिल्ली भेजा जाएगा। फिलहाल इंजन में आई खराबी के कारणों के संबंध में अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

घटना के बाद विमान की तकनीकी स्थिति की जांच की जा रही है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने घटना के संबंध में इससे अधिक जानकारी साझा नहीं की है।

यह भी पढ़ेंः 1 सितंबर से बदल गया आपका बजट! LPG से दूध और कारों तक महंगाई की मार, हवाई सफर के नियम भी बदले

संबंधित समाचार