CISCE National Shooting Championship: लखनऊ के यशवर्धन ने जीता सिल्वर, अब SGFI में दिखाएंगे निशानेबाजी का दम

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

ला मार्टिनियर कॉलेज के कक्षा 11 के छात्र ने अंडर-19 पीप साइट एयर राइफल में 409.7 अंक के साथ हासिल किया रजत पदक

लखनऊ, अमृत विचार: ला मार्टिनियर कॉलेज के कक्षा 11 के छात्र यशवर्धन दीक्षित ने सीआईएससीई राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-19 पीप साइट एयर राइफल स्पर्धा में रजत पदक हासिल किया। उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) के लिए भी हुआ है।

गोरखपुर के सेंट जूड्स स्कूल में 27 से 29 अगस्त तक आयोजित सीआईएससीई राष्ट्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में यशवर्धन ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने अंडर-19 पीप साइट एयर राइफल स्पर्धा में 409.7 अंक अर्जित कर रजत पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभावान निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। इससे पहले यशवर्धन ने सीआईएससीई क्षेत्रीय शूटिंग चैंपियनशिप में भी इसी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। राष्ट्रीय स्तर पर रजत पदक हासिल कर उन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन की निरंतरता बनाए रखी। यशवर्धन की उपलब्धि पर ला मार्टिनियर कॉलेज के प्रिंसिपल गैरी डोमिनिक एवरेट और शूटिंग कोच विकास तोमर ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने यशवर्धन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वह इसी तरह मेहनत और लगन से कॉलेज तथा प्रदेश का नाम रोशन करते रहें। एसजीएफआई के लिए चयन के बाद यशवर्धन अब राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे।

यह भी पढ़ेंः China Masters Badminton 2026: लक्ष्य सेन से सात्विक-चिराग तक, चीन मास्टर्स में इन भारतीय खिलाड़ियों पर रहेंगी सबकी नजर

संबंधित समाचार