बेल्जियम PM बार्ट डी वेवर का भारत दौरा, हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात; MoU पर समझौता
बार्ट डी वेवर 2 से 4 सितंबर तक भारत के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। 3 सितंबर को नई दिल्ली में पीएम मोदी के साथ वार्ता के दौरान रक्षा, अक्षय ऊर्जा, साइबर अपराध और अन्य क्षेत्रों में कई समझौतों/MoU का आदान-प्रदान हुआ।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बेल्जियम के उनके समकक्ष बार्ट डी वेवर के बीच व्यापक बातचीत के बाद भारत और बेल्जियम ने बृहस्पतिवार को व्यापार, रक्षा, महत्वपूर्ण खनिजों, स्वच्छ ऊर्जा और प्रौद्योगिकी के क्षेत्रों में अपने सहयोग को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाने पर सहमति जताई।
https://twitter.com/ANI/status/2095394567399121054?s=20
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मीडिया वक्तव्य में पिछली तिमाही में भारत द्वारा 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर दर्ज किए जाने का उल्लेख किया और कहा कि देश की आर्थिक प्रगति दुनिया के लिए विश्वास और नये अवसरों का स्रोत है।
बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के संपन्न होने को एक बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि भारत और बेल्जियम ऐसे संबंध बना रहे हैं, जो व्यापक हैं और पहले की तुलना में कहीं अधिक रणनीतिक हैं। PM मोदी ने कहा, ''आज दुनिया उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है। दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष की स्थितियां बनी हुई हैं। भोजन, ईंधन या आपूर्ति शृंखलाओं को लेकर अनिश्चितता हर क्षेत्र को प्रभावित कर रही है।'' उन्होंने कहा, ''इस चुनौतीपूर्ण माहौल में भी भारत की अर्थव्यवस्था ने अपनी गति बनाए रखी है। पिछली तिमाही में हमने 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है।''
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की विकास गाथा ''दुनिया के लिए विश्वास और नये अवसरों का स्रोत बन रही है।'' मोदी ने यूक्रेन और पश्चिम एशिया के संघर्षों का समाधान संवाद और कूटनीति के माध्यम से किये जाने की एक बार फिर वकालत की। उन्होंने कहा, ''भारत और बेल्जियम दोनों ही कानून के शासन, संवाद और कूटनीति में भरोसा रखते हैं। चाहे यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, हम संघर्षों को जल्द समाप्त करने और शांति स्थापित करने के सभी प्रयासों का समर्थन करते हैं।''
https://twitter.com/narendramodi/status/2095418437015339405?s=20
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और बेल्जियम आतंकवाद के हर रूप को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मोदी ने उच्च प्रौद्योगिकी और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए दोनों देशों की प्राथमिकताओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, ''स्वच्छ ऊर्जा का भविष्य और विश्वसनीय आपूर्ति शृंखला हमारी साझा प्राथमिकताएं हैं।
रक्षा से लेकर खाद्य, क्लीन एनर्जी पर MOUs
आज नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (एमओयू) हमारे सतत विकास संबंधी सहयोग को नयी गति देगा।'' उन्होंने कहा, ''महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में हमने प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण में सहयोग बढ़ाने का निर्णय लिया है। सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में बेल्जियम की विशेषज्ञता और भारत की व्यापक क्षमता एक-दूसरे की पूरक हैं। भारत और बेल्जियम ऐसे संबंध बना रहे हैं, जो व्यापक हैं और पहले की तुलना में कहीं अधिक रणनीतिक हैं।
भारत-बेल्जियम रक्षा सहयोग बढ़ाने पर सहमत
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को यहां बेल्जियम के रक्षा एवं विदेश व्यापार मंत्री थियो फ्रांकेन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। बैठक में दोनों पक्षों ने रक्षा और औद्योगिक सहयोग से जुड़े पूरे क्षेत्र की समीक्षा की और द्विपक्षीय संबंधों को और विस्तार देने पर सहमति जताई।
रक्षा मंत्री राजनाथ और थियो फ्रांकेन ने की द्विपक्षीय वार्ता
बैठक के दौरान दोनों मंत्रियों ने रक्षा सहयोग संवाद, उच्चस्तरीय यात्राओं, प्रशिक्षण और क्षमता निर्माण के जरिए भारत-बेल्जियम के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की। उन्होंने क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्होंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सहयोग की आवश्यकता को माना। सिंह और फ्रांकेन ने दोहराया कि भारत और बेल्जियम के बीच साझेदारी साझा मूल्यों, आपसी विश्वास और सम्मान पर आधारित है। यह बैठक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के बीच यहां हुई बैठक के इतर आयोजित की गई।
