Moradabad News : 11 वर्षीय मासूम ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, सदमे में परिवार; जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

मझोला में मासूम का फंदे से लटकता मिला शव, कारणों की जांच में जुटी पुलिस

मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र (हनुमान नगर) में 11 साल के एक मासूम बच्चे ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है।

मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर के मझोला थाना क्षेत्र में एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां हनुमान नगर में रहने वाले 11 वर्षीय एक मासूम बच्चे ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इतनी छोटी उम्र में बच्चे द्वारा उठाए गए इस खौफनाक कदम से हर कोई हैरान है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सुबह साढ़े नौ बजे मिला फंदे से लटकता शव
जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे का नाम रोहन (11 वर्ष) था। सुबह करीब साढ़े नौ बजे रोहन ने घर के अंदर अज्ञात कारणों के चलते फंदा लगा लिया। जब परिजनों की नजर फंदे पर लटकते मासूम पर पड़ी, तो उनके होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मझोला थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतारा। मूल रूप से उत्तराखंड का रहने वाला है परिवार
पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। फॉरेंसिक टीम के सदस्यों ने घटनास्थल से कई आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।

बताया जा रहा है कि मृतक रोहन के पिता मूल रूप से उत्तराखंड राज्य के चंपावत जिले स्थित ग्राम सोराई के रहने वाले हैं और वर्तमान में मुरादाबाद के हनुमान नगर में परिवार के साथ निवास कर रहे हैं।

मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, बच्चे ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया, इसे लेकर परिजन भी अभी कोई स्पष्ट कारण नहीं बता पा रहे हैं। पूरा परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज होने के बाद ही मौत के सही कारणों से पर्दा उठ सकेगा। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें - Moradabad News : 5 सितंबर को रखा जाएगा जन्माष्टमी का व्रत, जानें रोहिणी नक्षत्र और पूजा का सबसे शुभ मुहूर्त

संबंधित समाचार