प्रयागराज में पुलिस मुठभेड़, पटाखा फैक्ट्री विस्फोट का फरार आरोपी आदिल गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
On

कौशांबी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में फरार आरोपी मोहम्मद आदिल को प्रयागराज के पिपरी में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। मामले में उसके पिता नौशाद समेत तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।

प्रयागराज, अमृत विचार। कौशांबी के पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में फरार चल रहे आरोपी मोहम्मद आदिल को प्रयागराज पुलिस ने गुरुवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पिपरी थाना क्षेत्र में कमालपुर बरेठी नहर पुलिया के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पुलिस के मुताबिक, कमालपुर बरेठी नहर पुलिया के पास आरोपी आदिल के होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक से जा रहे आदिल ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दोनों पैरों में लगी। बताया गया कि बाइक चला रहा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

चार टीमों को गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था

पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के बाद पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत के निर्देश पर आरोपी आदिल की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। इसी दौरान पुलिस को आदिल के कमालपुर बरेठी नहर पुलिया के पास बाइक से जाने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, जिसके बाद मुठभेड़ हो गई।

पिता समेत तीन आरोपी पहले ही गिरफ्तार

पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट मामले में पुलिस आदिल के पिता और मुख्य आरोपी नौशाद को पहले ही मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा मामले में शबाना और शाइना की भी गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस अब फरार हुए बाइक सवार युवक की तलाश के साथ ही पूरे मामले में अन्य संभावित आरोपियों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ेंः- कौशांबी फैक्ट्री विस्फोट : एक इंस्पेक्टर और 6 दरोगा समेत 9 पुलिसकर्मी सस्पेंड

 

संबंधित समाचार