जौनपुरवासियों को बड़ी सौगात : सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस का जौनपुर सिटी स्टेशन पर होगा ठहराव, रेल मंत्रालय ने दी मंजूरी

Amrit Vichar Network
On

जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर गाड़ी संख्या 22419/22420 सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव को रेल मंत्रालय ने मंजूरी दे दी है। इससे दिल्ली और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

जौनपुर। जौनपुरवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। रेल मंत्रालय ने गाड़ी संख्या 22419/22420 गाजीपुर सिटी-आनंद विहार टर्मिनल सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस के जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी दे दी है।

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने रेल मंत्रालय के फैसले पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ट्रेन के जौनपुर सिटी स्टेशन पर रुकने से जिले और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को दिल्ली, पूर्वांचल समेत अन्य प्रमुख शहरों तक आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

राज्यमंत्री ने कहा कि इस फैसले का सबसे अधिक लाभ विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, मरीजों और नियमित रेल यात्रियों को मिलेगा। अब यात्रियों के पास अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए एक और सुविधाजनक रेल विकल्प उपलब्ध होगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार जौनपुर में विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही हैं। रेलवे सुविधाओं के विस्तार से जहां यात्रियों की परेशानियां कम होंगी, वहीं क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि रेल मंत्रालय ने जौनपुर की आवश्यकता और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सुहेलदेव सुपरफास्ट एक्सप्रेस का ठहराव जिले के विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे कार्यों के लिए केंद्र सरकार के सहयोग से आगे भी प्रयास जारी रहेंगे।

यह भी पढ़ेंः Janmashtami 2026: जन्माष्टमी पर बन रहा खास संयोग, जानें कब होगा कान्हा का जन्मोत्सव और पूजा का शुभ मुहूर्त

संबंधित समाचार