Haldwani News : एआई से बना आर्मी अफसर, पुलिस ने पहुंचाया हवालात के अंदर, युवतियों को आकर्षित करने के लिए रची थी कहानी

Amrit Vichar Network
On

इंस्टाग्राम पर खुद का पैरा कमांडो मेजर बताकर गांठ रहा था रौब, मिलिट्री इंटेलिजेंस की सूचना पर एसओजी ने रोहित को पकड़ा

हल्द्वानी में एसओजी ने भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का फर्जी मेजर बनकर इंस्टाग्राम पर तस्वीरें और फर्जी पहचान पत्र डालने वाले 20 वर्षीय युवक को पकड़ा है। आरोपी ने AI और इंटरनेट की मदद से सेना की वर्दी वाली मॉर्फ्ड तस्वीरें तैयार की थीं।

हल्द्वानी, अमृत विचार : भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बनकर सोशल मीडिया पर रौब जमाने वाले 20 वर्षीय युवक को एसओजी ने धर दबोचा है। युवक इंस्टाग्राम पर सेना अधिकारी की वर्दी में अपनी तस्वीरें और फर्जी पहचान पत्र प्रदर्शित करता था। युवक ने इंटरनेट और आर्टिफीशियल इंटेलीजेंस (एआई) की मदद से सेना की वर्दी वाली तस्वीरों को मॉर्फ कर अपनी फोटो तैयार की थीं। मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली सूचना के बाद पुलिस ने युवक को गोरापड़ाव स्थित एक पेंट गोदाम से हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार एक सितंबर को मिलिट्री इंटेलिजेंस के अधिकारी और कर्मचारियों ने एसओजी कार्यालय हल्द्वानी पहुंचकर सूचना दी कि रोहित सिंह मेहता नाम का युवक इंस्टाग्राम पर स्वयं को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बता रहा है। वह सेना अधिकारी की वर्दी में कई फोटो और फर्जी पहचान पत्र सोशल मीडिया पर प्रदर्शित कर रहा था। मिलिट्री रिकॉर्ड में उसके सेना अधिकारी होने की कोई जानकारी नहीं मिली।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर एसओजी ने मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम गोरापड़ाव पहुंची, जहां बिरला ओपस पेंट के गोदाम में रोहित सिंह मेहता के काम करने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। युवक ने बताया कि उसने इंटरनेट और सोशल मीडिया से वर्दी वाली तस्वीरें प्राप्त कीं। इसके बाद एआई की मदद से मॉर्फ्ड फोटो तैयार कराईं। इन तस्वीरों को इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दी।

पुलिस के मुताबिक युवक ने पूछताछ में फर्जी पहचान प्रदर्शित करने की वजह सोशल मीडिया पर अपनी फॉलोइंग बढ़ाना और युवतियों को प्रभावित करना चाहता था। आरोपी रोहित सिंह मेहता पुत्र खुशाल सिंह मेहता (20 वर्ष) ग्राम कानीकोट, तहसील पाटी, चम्पावत, हाल निवासी गोरापड़ाव, हल्द्वानी का रहने वाला है।

यह भी पढ़ें : कानपुर : अष्टमी तिथि के साथ रोहिणी नक्षत्र के दुर्लभ संयोग में मनाया जायेगा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व

 

संबंधित समाचार