जन्माष्टमी पर मथुरा को 1,051 करोड़ की CM योगी ने दी बड़ी सौगात, विरासत मॉडल और पर्यटन पर जोर
जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में 1,051 करोड़ की 229 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, बोले- विरासत केवल स्मारक नहीं, हमारी भाषा, कला, ज्ञान और परंपराओं में भी बसी है
मथुराः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को कहा कि भारत अपनी समृद्ध विरासत से जुड़कर ही विकसित राष्ट्र बनने का सपना पूरा कर सकता है। मथुरा में आयोजित कार्यक्रम में सीएम कहा कि विरासत केवल स्मारकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय समाज की भाषा, साहित्य, संगीत, कला, दर्शन, गणित, विज्ञान, चिकित्सा, कौशल, ज्ञान और लोक परंपराओं में भी जीवित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक विकास को सड़क, बिजली, पानी, इमारतों और उद्योगों के नजरिये से देखा गया, लेकिन विरासत की अनदेखी की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर विरासत का अपमान होता रहा और इतिहास के नायकों को देश की स्मृतियों से मिटाने के प्रयास किए गए।
‘दंगे और अशांति के बजाय अब पर्व-त्योहार मनाए जाते हैं’
सीएम योगी ने कहा कि भाजपा शासन में उत्तर प्रदेश में बड़ा बदलाव आया है। अब प्रदेश में दंगों और अशांति के डर के बजाय लोग पर्व और त्योहार उत्साह के साथ मनाते हैं।
मथुरा के इतिहास और मंदिरों पर हुए कथित हमलों का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि बार-बार हुए हमलों के बावजूद सनातन परंपराएं समाप्त नहीं हुईं।
उन्होंने कहा, “विदेशी आक्रांताओं ने मंदिरों को नष्ट कर दिया लेकिन क्या वे श्रीकृष्ण की याद को मिटा पाए? क्या वे राधा रानी की याद को मिटा पाए? क्या जन्माष्टमी का उत्सव रुका? क्या वृंदावन में भक्ति रुकी? क्या बरसाना की होली रुकी? क्या गोवर्धन परिक्रमा रुकी? नहीं। यही हमारा सनातन है। यही ब्रज की ताकत है।”
अयोध्या का उदाहरण देकर राम मंदिर का किया जिक्र
सीएम योगी ने अयोध्या का उदाहरण देते हुए राम मंदिर निर्माण को लंबे सभ्यतागत संघर्ष का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि परंपराएं लगातार आगे बढ़ती रहीं और सनातन की भावना ने संघर्ष के लिए नया उत्साह पैदा किया।
सीएम ने कहा कि इसका परिणाम आज अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर के रूप में सामने है।
‘विरासत मंदिरों तक सीमित नहीं’
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की विरासत का दायरा बहुत व्यापक है। उन्होंने कहा, “विरासत हमारे मंदिरों, हमारी भाषा, हमारे साहित्य, हमारे संगीत, हमारी कला, हमारे दर्शन, गणित, विज्ञान, चिकित्सा, कौशल और ज्ञान, हमारी लोक परंपराओं और हमारी ज्ञान परंपरा में बसी है।”
उन्होंने कहा कि भारत के विकसित राष्ट्र बनने की यात्रा में अपनी विरासत से जुड़ना बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा, “भारत अपनी विरासत से जुड़कर ही विकसित राष्ट्र बनने का सपना पूरा करेगा।”
2025 में यूपी आए 156 करोड़ पर्यटक: योगी
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश में 156 करोड़ पर्यटक आए। उन्होंने इसे बेहतर संपर्क व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और बुनियादी ढांचे में सुधार का प्रमाण बताया।
उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों के विकास के साथ प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।
1,051 करोड़ की 229 परियोजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री अपने दो दिवसीय दौरे पर कृष्ण नगरी मथुरा पहुंचे। जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर उन्होंने जिले में 1,051 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 7,240 लाभार्थियों समेत विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चाबी, चेक, स्वीकृति पत्र, नियुक्ति पत्र और टूलकिट आदि वितरित किए गए।
अधिकारियों के अनुसार, इन परियोजनाओं से मथुरा-वृंदावन सहित जिले के अन्य धार्मिक स्थलों पर धार्मिक पर्यटन, यात्री सुविधाओं, सड़क एवं प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और स्थानीय हस्तशिल्प से जुड़ी गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ेंः UP Tax 2026 : वैश्विक टेक्सटाइल हब बनेगा यूपी, नोएडा में रोड शो; 8-9 सितंबर को लखनऊ में सम्मेलन
